तीजा पोरा तिहार पर सजा मुख्यमंत्री निवास, छत्तीसगढ़ी परंपराओं की दिखी खूबसूरत झलक

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में शनिवार को तीजा-पोरा तिहार के अवसर पर विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा, संस्कृति और ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आतिथ्य में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया।

तीजा-पोरा से जुड़ी खास परंपराएं

तीजा पर्व महिलाओं के लिए मायके, परिवार और रिश्तों की भावनाओं से जुड़ा माना जाता है। वहीं पोरा तिहार खेती-किसानी और पशुधन के प्रति आस्था और सम्मान का पर्व है। इस अवसर पर मिट्टी से बने नंदी-बैल और पारंपरिक खिलौनों की पूजा करने की परंपरा है।

गांवों से लेकर शहरों तक तीजा-पोरा की रौनक देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में भी छत्तीसगढ़ी संस्कृति के अलग-अलग रंग नजर आए।

लोकगीत, नृत्य और पारंपरिक पकवानों ने बढ़ाई रौनक

आयोजन के दौरान लोकगीत और पारंपरिक नृत्य के साथ झूले और छत्तीसगढ़ी पकवान आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में पर्व मनाया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।

बड़ी संख्या में महिलाएं हुईं शामिल

कार्यक्रम में मंत्री गजेंद्र यादव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, रायपुर महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की पत्नी वीणा सिंह और उनकी बहू के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी आयोजन में भाग लिया।

मुख्यमंत्री निवास में आयोजित यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की झलक भी दिखाता नजर आया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close