मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव: ईरान के 221 मिसाइल और 1305 ड्रोन हमले, यूएई ने अधिकतर को किया नष्ट

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। यूएई के एयर डिफेंस सिस्टम के अनुसार शनिवार को ईरान ने 16 बैलिस्टिक मिसाइल और 121 ड्रोन से हमला किया। इनमें से 15 बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया, जबकि एक मिसाइल समुद्र में गिर गई। वहीं 121 ड्रोन में से 119 को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया और दो ड्रोन यूएई की जमीन पर गिरे।

यूएई के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक 28 फरवरी से शुरू हुए हमलों के बाद अब तक ईरान कुल 221 बैलिस्टिक मिसाइल दाग चुका है। इनमें से 205 मिसाइलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया है। इसके अलावा 14 मिसाइलें समुद्र में गिरीं और दो मिसाइलें यूएई की जमीन पर पहुंचीं।

ड्रोन हमलों की बात करें तो अब तक ईरान की ओर से 1305 ड्रोन छोड़े जा चुके हैं। इनमें से 1229 ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया गया, जबकि 76 ड्रोन यूएई के अलग-अलग इलाकों में गिर गए। इसके अलावा आठ क्रूज मिसाइलों को भी यूएई के एयर डिफेंस सिस्टम ने पहचान कर नष्ट किया।

इन हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई है, जिनमें पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के नागरिक शामिल हैं। वहीं 112 लोग घायल हुए हैं। घायलों में यूएई, मिस्र, इथियोपिया, फिलीपींस, पाकिस्तान, ईरान, भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, अजरबैजान, यमन, युगांडा, इरीट्रिया, लेबनान, अफगानिस्तान, बहरीन, कोमोरोस और तुर्किये के नागरिक शामिल बताए गए हैं।

यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि देश की सेना हर तरह के खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और देश की सुरक्षा, स्थिरता तथा संप्रभुता की रक्षा के लिए किसी भी हमले का कड़ा जवाब दिया जाएगा।

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक सोशल मीडिया पोस्ट से क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। ट्रंप ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के बयान को सरेंडर बताया, जिसमें उन्होंने पड़ोसी देशों पर हमले न करने की बात कही थी। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि ईरान अपने हमलों को जारी रख सकता है या उन्हें और तेज कर सकता है।

close