बलौदाबाजार में बाइक सवारों का आतंक, दो युवकों पर चाकू से हमला कर लूटपाट

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बाइक सवार तीन युवकों के गिरोह ने लूटपाट और हमले की घटनाओं से इलाके में दहशत फैला दी है। गुरुवार को महज आधे घंटे के भीतर दो अलग-अलग जगहों पर दो युवकों को चाकू मारकर लूट लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह एक सप्ताह में तीसरी ऐसी वारदात है।
पहली घटना पलारी थाना क्षेत्र के खोरसी नाला टेमरी मोड़ पर हुई। दोपहर करीब 2:30 बजे राधेश्याम नवरंगे (34) बस का इंतजार कर रहे थे, तभी तीन बाइक सवार युवकों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने राधेश्याम से 7 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें पेट में चाकू मारने की धमकी दी, और फिर पैर में तीन बार चाकू घोंपकर फरार हो गए।
इसके सिर्फ आधे घंटे बाद घोटिया मोड़ पर जीवन बघेल (33) अपनी बाइक से जा रहे थे। वहीं पर उन्हीं तीनों आरोपियों ने उन्हें रोका, उनसे 700 रुपये छीने और पैर में तीन बार चाकू मारकर मौके से भाग निकले।
दोनों घायलों को तत्काल पलारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी नशे में या साइको प्रवृत्ति के हो सकते हैं, क्योंकि लूट के बाद भी उन्होंने हमला किया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गवाहों से पूछताछ जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक संदीप साहू अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी के गले पर टैटू बना हुआ है, जिसके आधार पर पहचान की जा रही है।
पलारी थाना प्रभारी हेमंत पटेल ने बताया कि “जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। स्थानीय लोगों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की तुरंत सूचना पुलिस को दें।”
लगातार हो रही वारदातों ने क्षेत्र के लोगों में खौफ का माहौल बना दिया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि गश्त बढ़ाई जाएगी और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।











