Tesla ने इन कारों को कहा अलविदा, Elon Musk ने किया बड़ा ऐलान

दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार कंपनियों में शामिल अमेरिकी कंपनी टेस्ला अपनी दो पॉपुलर इलेक्ट्रिक कार Model S और Model X बंद करने जा रही है. दुनिया के सबसे अमीर शख्स और टेस्ला के CEO एलन मस्क खुद इसका ऐलान किया. मस्क ने X पर बताया कि कंपनी ने अपनी मशहूर इलेक्ट्रिक कारों का प्रोडक्शन पूरी तरह बंद कर दिया है. अब कंपनी इन कारों के लिए कस्टम ऑर्डर भी नहीं ले रही है. मस्क के अनुसार, अब कंपनी के पास सिर्फ करीब 600 गाड़ियां ही स्टॉक में बची हैं.
एलन मस्क ने पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि Model S और Model X के कस्टम ऑर्डर अब खत्म हो चुके हैं. अब सिर्फ कुछ गाड़ियां ही इन्वेंट्री में बची हैं. इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए एक ऑफिशियल समारोह भी किया जाएगा. मुझे ये कारें बहुत पसंद हैं. उन्होंने इसके साथ Model S की पुरानी तस्वीर भी शेयर की, जो 2012 में लॉन्च हुई थी.इन दोनों कारों की प्रोडक्शन बंद होने की खबर पहले ही सामने आ गई थी. जनवरी 2025 में कंपनी की फाइनेंशियल रिपोर्ट के दौरान इस बारे में जानकारी दी गई थी. उस समय कंपनी ने इसे सम्मानजनक विदाई बताया था. मस्क ने तब ग्राहकों से कहा था कि अगर वे ये कारें खरीदना चाहते हैं तो जल्दी ऑर्डर कर लें. कंपनी ने यह भी बताया था कि जिस फैक्ट्री में इन कारों का उत्पादन होता था, उसे अब दूसरे काम के लिए इस्तेमाल किया जाएगा. रिपोर्ट के अनुसार, वहां अब Optimus रोबोट बनाए जाएंगे.
14 साल का शानदार सफर
Tesla Model S को जून 2012 में लॉन्च किया गया था और यह टेस्ला की पहली बड़ी मास-मार्केट कार थी. इस कार ने 2015 और 2016 में दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार बनने का रिकॉर्ड बनाया था. सिर्फ 2015 में ही इसकी 50,000 से ज्यादा यूनिट्स बिकी थीं. वहीं Tesla Model X को 2015 में लॉन्च किया गया था. यह अपनी खास Falcon-wing डोर्स के लिए काफी लोकप्रिय रही. इन दोनों कारों ने मिलकर अपने पूरे प्रोडक्शन समय में 6.1 लाख से ज्यादा बिक्री हासिल की.
अब क्या है उपलब्ध?
रिपोर्ट के अनुसार, अभी दुनिया भर में लगभग 295 नई Model S और 301 Model X गाड़ियां ही बची हैं, जिनमें ज्यादातर अमेरिका में उपलब्ध हैं. कनाडा और यूरोप में अब इनकी नई यूनिट्स उपलब्ध नहीं हैं. टेस्ला की वेबसाइट से इन कारों का कस्टम कॉन्फिगरेटर भी हटा दिया गया है. अब ग्राहक सिर्फ पहले से तैयार गाड़ियां ही खरीद सकते हैं. कंपनी इन बची हुई गाड़ियों पर कुछ खास ऑफर भी दे रही है, जैसे फ्री DC फास्ट चार्जिंग और लाइफटाइम प्रीमियम कनेक्टिविटी.











