धुरंधर 2 की कहानी से अनजान थे कलाकार, रिलीज के बाद ही चला सीक्वल का पता

फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी बीच फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाले अभिनेता सुनील शर्मा ने खुलासा किया है कि फिल्म की कहानी और इसके दूसरे भाग को लेकर कलाकारों को पहले से कोई जानकारी नहीं थी।
सुनील शर्मा ने बताया कि उन्हें खुद ‘धुरंधर 2’ के बारे में तब पता चला, जब उन्होंने फिल्म को सिनेमाघर में देखा। शूटिंग के दौरान कलाकार सिर्फ अपने हिस्से का काम कर रहे थे और पूरी कहानी से अनजान थे। उन्होंने कहा कि निर्देशक आदित्य धर ने फिल्म की स्क्रिप्ट और ट्विस्ट को बेहद गोपनीय रखा था।
उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान काफी लंबा फुटेज तैयार किया गया था और बाद में इसे दो हिस्सों में बांटा गया। कई अहम किरदारों और कहानी के मोड़ों की जानकारी सिर्फ निर्देशक और मुख्य अभिनेता तक ही सीमित थी।
आदित्य धर के साथ काम करने के अनुभव पर सुनील शर्मा ने कहा कि वह बेहद डिटेलिंग के साथ काम करते हैं। वह हर सीन को वास्तविक बनाने के लिए कलाकारों को खुद समझाते थे, चाहे वह एक्शन सीन हो या संवाद अदायगी।
रणवीर सिंह के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी ऊर्जा सेट पर अलग ही माहौल बना देती है। वहीं अक्षय खन्ना को लेकर उन्होंने कहा कि वह अपने किरदार में पूरी तरह डूबे रहते हैं और सेट पर काफी शांत रहते हैं।
सुनील शर्मा ने फिल्म की सफलता को दर्शकों का प्यार बताया और कहा कि आज के समय में दर्शकों को लंबे समय तक बांधे रखना आसान नहीं है, लेकिन इस फिल्म ने यह कर दिखाया है। उन्होंने यह भी बताया कि उज्जैन से लेकर देश के कई हिस्सों में फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।
अपने करियर के सफर को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने थिएटर से शुरुआत की और फिर साउथ फिल्मों में काम किया। बाद में उन्हें हिंदी फिल्मों में भी मौका मिला। उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ काम करने के अनुभव को भी खास बताया और इसे अपने जीवन का यादगार पल बताया।











