पुलिस की सतर्कता से बची बुजुर्ग की जान, रास्ते में अचेत व्यक्ति को CPR देकर किया सुरक्षित

खरगोन जिले में पुलिसकर्मियों की तत्परता और प्रशिक्षण ने एक बुजुर्ग की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की है। आरोपी की तलाश में निकले पुलिसकर्मी रास्ते में एक अचेत व्यक्ति को देखकर तुरंत रुक गए और बिना देर किए CPR देकर उसकी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, सनावद थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक गंभीर मीणा और आरक्षक श्रीकृष्ण बिरला एक आरोपी की तलाश में निकले थे। इसी दौरान ढकगांव रोड पर उन्हें एक व्यक्ति अचेत अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला। पास में मौजूद उसकी पत्नी ने बताया कि 50 वर्षीय गणेश सामेड़िया, निवासी मोरटक्का, अचानक अस्वस्थ होकर गिर पड़े थे और संभवतः उन्हें हल्का हृदयाघात आया था।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आरक्षक श्रीकृष्ण बिरला ने तुरंत अचेत व्यक्ति को CPR देना शुरू किया, जबकि प्रधान आरक्षक गंभीर मीणा ने एम्बुलेंस को मौके पर बुलाने के लिए आपातकालीन सेवा से संपर्क किया। कुछ ही समय में CPR का असर दिखा और व्यक्ति की सांसें वापस आने लगीं।

इसके बाद पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत को खतरे से बाहर बताया। डॉक्टरों ने समय पर दिए गए CPR को जीवन बचाने में महत्वपूर्ण बताया।

इस घटना के बाद पुलिसकर्मियों की संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना की जा रही है। आपातकालीन परिस्थितियों में CPR प्रशिक्षण आम लोगों की जान बचाने में कितना महत्वपूर्ण है, यह घटना इसका स्पष्ट उदाहरण है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com