छोटे नोटों का बड़ा खेल: बिलासपुर में युवक के पास मिले 18 लाख कैश, कमीशन पर मध्यप्रदेश ले जा रहा था

बिलासपुर। शहर में छोटे नोटों के अवैध कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने एक युवक को करीब 17.90 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया है, जो सूटकेस और बैग में ₹10, ₹20 और ₹50 के नए नोटों की गड्डियां लेकर मध्यप्रदेश जा रहा था।

यह कार्रवाई बेलगहना रेलवे स्टेशन (टेगनमाड़ा) के पास की गई, जहां बेलगहना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। संदेह के आधार पर युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से दो सूटकेस में कुल 81 गड्डियां बरामद हुईं, जिनमें सभी नोट नए और कड़क थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान पवन बजाज (35 वर्ष), निवासी कश्यप कॉलोनी, सिटी कोतवाली क्षेत्र, बिलासपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह छोटे नोटों को कमीशन पर सप्लाई करने का काम करता है और इन्हें छत्तीसगढ़ से मध्यप्रदेश खपाने ले जा रहा था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले तांबा-पीतल के स्क्रैप का कारोबार करता था। इसी दौरान उसका बैंकों में नियमित आना-जाना था, जहां उसने बैंक कर्मचारियों से संपर्क बनाकर नए छोटे नोट जुटाने शुरू किए। बाद में उसने इन्हें कमीशन पर बेचने का धंधा शुरू कर दिया।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मध्यप्रदेश में इन नोटों के खरीदार कौन हैं और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। मामले में और लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है।

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com