GST पर अब तक का सबसे बड़ा फैसला! 12% और 28% टैक्स स्लैब खत्म, अब लगेंगी सिर्फ दो दरें, जानें क्या होगा सस्ता और क्या महंगा

देश की टैक्स व्यवस्था में अब तक के सबसे बड़े बदलाव की नींव रख दी गई है। वस्तु एवं सेवा कर (GST) की दरों को सरल बनाने के लिए गठित राज्यों के मंत्रियों के समूह (GoM) ने केंद्र सरकार के उस ऐतिहासिक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जो पूरे टैक्स स्ट्रक्चर को बदल कर रख देगा।

इस फैसले के तहत मौजूदा चार टैक्स स्लैब की जगह अब सिर्फ दो स्लैब लागू करने की सिफारिश की गई है, जिससे आम आदमी से लेकर कारोबारियों तक, सबकी जिंदगी पर सीधा असर पड़ेगा।

क्या है यह क्रांतिकारी बदलाव?

बैठक के बाद मिली जानकारी के अनुसार, मंत्रियों के समूह ने GST के मौजूदा 5%, 12%, 18% और 28% के चार-स्तरीय ढांचे को खत्म करने पर सहमति जताई है। इसकी जगह अब सिर्फ दो टैक्स स्लैब होंगे- 5% और 18%। इसका मतलब है कि 12% और 28% की दरों को पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा। इस कदम का मुख्य उद्देश्य टैक्स प्रणाली को बेहद सरल और पारदर्शी बनाना है।

लग्जरी सामान और सिगरेट-शराब होंगे और महंगे!

हालांकि, जहां एक तरफ सिस्टम को सरल किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ अत्यंत विलासिता वाली वस्तुओं और ‘सिन गुड्स’ (जैसे शराब, सिगरेट, लक्ज़री कारें आदि) पर शिकंजा कसने की तैयारी है।

उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि केंद्र ने ऐसी वस्तुओं पर 40% का एक नया GST स्लैब लगाने का प्रस्ताव रखा है।

इस पर पश्चिम बंगाल की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने सुझाव दिया कि इस 40% टैक्स के ऊपर एक अतिरिक्त उपकर (सेस) भी लगाया जाए, ताकि इन चीजों पर टैक्स का बोझ कम न हो। इससे यह साफ है कि आने वाले समय में ये वस्तुएं और भी महंगी हो सकती हैं।

GoM की इन सिफारिशों को अब अंतिम मंजूरी के लिए जीएसटी काउंसिल के सामने पेश किया जाएगा। अगर जीएसटी काउंसिल, जिसमें सभी राज्यों के वित्त मंत्री शामिल होते हैं, इस प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगा देती है, तो यह भारत की GST प्रणाली में लागू होने वाला अब तक का सबसे बड़ा सुधार होगा।

यह फैसला न केवल देश की अर्थव्यवस्था पर गहरा असर डालेगा, बल्कि यह भी तय करेगा कि भविष्य में आपके लिए कौन सी चीजें सस्ती होंगी और किन चीजों के लिए आपको ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी।

NewsDesk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com