यूपी में सरिया सीमेंट की दुकान से लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ शातिर

श्रावस्ती: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के इकौना कस्बे में चोरी की घटना सामने आई है. जगतजीत इंटर कॉलेज के पास स्थित एक सरिया-सीमेंट की दुकान से करीब 4 लाख रुपये चोरी हो गयी दुकानदार ने सोमवार रात को इस घटना की जानकारी दी.

पीड़ित दुकानदार अभिषेक कुमार शुक्ला ने बताया कि उनकी दुकान का नाम “अतुल ट्रेडर्स” है. सोमवार को उन्होंने व्यापारियों को भुगतान करने के लिए 4 लाख रुपये घर से लाकर दुकान के गल्ले में रखे थे. इसी बीच, कुछ ग्राहकों को सरिया-सीमेंट दिलवाने के लिए उन्हें पास के गोदाम में जाना पड़ा.

दुकानदार के गोदाम जाते ही, पहले से रेकी कर रहा एक युवक दुकान में घुस गया. सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि वह बेखौफ होकर सीधे गल्ले तक पहुंचा और कुछ ही सेकंड में रुपये निकालकर एक झोले में डालकर फरार हो गया. यह पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी.

चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश

घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पीड़ित ने इकौना थाने में तहरीर दी है और सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है. पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर इस घटना का खुलासा किया जाएगा.

close