इंदौर: मकान के अंदर चल रहा था गैस रिफिलिंग का खेल, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, 49 सिलेंडर जब्त

इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर में विजय नगर थाना पुलिस ने अवैध गैस रिफिलिंग और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुये मकान से कुल 49 गैस सिलेंडर (घरेलू और कमर्शियल ) जब्त किये हैं। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने यह प्रभावी कार्रवाई की।

बता दें कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई है। आगामी त्योहारों को देखते हुये थाना विजय नगर पुलिस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने और अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिये लगातार पेट्रोलिंग कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को बड़ी भमोरी, राम नगर के पास मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने मकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर रहा है और भरे हुए सिलेंडरों से खाली सिलेंडरों में गैस रिफिलिंग का काम कर रहा है।

पुलिस ने बरामद किये 49 गैस सिलेंडर

मुखबिर से सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई। पुलिस की टीम जैसी ही मौके पर पहुंची तो आरोपी भागने का प्रयास करने लगे। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के मकान से घरेलू एवं कमर्शियल कुल 49 गैस सिलेंडर, गैस रिफिलिंग मशीन एवं तौल कांटा बरामद किया गया है।

पुलिस ने पकड़े गये दोनों आरोपियों मुकेश और नीलेश, निवासी बड़ी भमोरी, इंदौर के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल, प्रभारी उपनिरीक्षक अजय सिंह कुशवाह, प्रधान आरक्षक आशीष सिंह कुशवाह और प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close