बलिया: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की वीभत्स वारदात, 5 दरिंदों ने दहलाया गांव; पुलिस महकमे में हड़कंप

यूपी : बलिया में महिला सुरक्षा के दावों के बीच बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे जिले के प्रशासनिक अमले को हिलाकर रख दिया है. थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग बेटी के साथ गांव के ही 5 युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) की वारदात को अंजाम दिया गया है.
शौच के बहाने गई थी मासूम, दरिंदों ने घेरा
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित नाबालिग लड़की बीते 15 फरवरी को घर से बाहर शौच के लिए निकली थी. इसी दौरान गांव के ही 4 नामजद और एक अज्ञात युवक ने उसे रास्ते में घेर लिया. आरोप है कि हथियारों और जान से मारने की धमकी के दम पर आरोपियों ने मासूम के साथ दरिंदगी की.
तीन दिन बाद खुली जुबान, भारी पुलिस बल तैनात.
लोक-लाज और आरोपियों के खौफ के कारण पीड़िता सहमी रही, लेकिन 18 फरवरी को परिजनों ने थाने पहुंचकर हिम्मत दिखाई. दोपहर लगभग 3:30 बजे जैसे ही पुलिस को इस जघन्य अपराध की सूचना मिली, प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए.
तत्काल कार्रवाई: घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारी भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए. तहरीर के आधार पर गड़वार थाने में सुसंगत धाराओं और POCSO एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है.
प्रशासन के लिए कड़ी चुनौती
यह घटना न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है, बल्कि यह भी बताती है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं. ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है. पुलिस प्रशासन अब बैकफुट पर है और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव बना हुआ है.
एसपी ओमवीर सिंह ने मीडिया को जारी अपने बयान में कहा कि ”मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, सभी आरोपियों के खिलाफ ऐसी कठोरतम कार्यवाही की जाएगी जो नजीर बनेगी.”











