मैहर: NH-30 पर रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत

मैहर : नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार को तेज रफ्तार का एक और काला चेहरा सामने आया.मैहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत वृंदा होटल के सामने एक अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने सड़क पार कर रही 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान मुलिया चौधरी (80 वर्ष), पति लालमन चौधरी, निवासी पौड़ी मंदिर के पीछे (मैहर) के रूप में हुई है.बताया जा रहा है कि मुलिया चौधरी दोपहर के समय हाईवे पार कर रही थीं, तभी तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आने के कारण वृद्धा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
हाईवे पर लगा जाम, पुलिस को झेलना पड़ा आक्रोश
हादसे की खबर फैलते ही मृतका के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए.
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों का आरोप था कि हाईवे पर वाहनों की गति पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं.मौके पर पहुंची मैहर पुलिस ने ग्रामीणों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके करीब 20 मिनट बाद जाम खुल सका.
सिस्टम की लाचारी: पिकअप से अस्पताल पहुँचाया शव
घटनास्थल पर पुलिस और ग्रामीणों की संवेदनशीलता के बीच सिस्टम की एक बड़ी खामी भी उजागर हुई.हादसे के काफी देर बाद तक जब सरकारी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, तो परिजनों का गुस्सा और बढ़ गया.अंततः पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर मौजूद एक निजी पिकअप वाहन में शव को रखवाया और पोस्टमार्टम के लिए मैहर सिविल अस्पताल भिजवाया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मैहर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हाईवे पर स्थित ढाबों और होटलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके.फिलहाल मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.









