कातिलों ने रची थी ‘बेनाम लाश’ की साजिश, पर टैटू बना काल! मैहर के लापता दुर्गेश की कटनी में हत्या, अब संदिग्धों की खैर नहीं

कटनी : बरही थाना क्षेत्र में महानदी पुल के समीप लगभग एक सप्ताह पूर्व एक युवक का कंकाल पाया गया था.हाथ पैर बंधे मृतक युवक के पाए जाने के बाद समूचे क्षेत्र में खलबली मच गई थी.प्राथमिक तौर पर हत्या की आशंका सामने आते ही पुलिस ने सबसे पहले उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए. एक सप्ताह के बाद अब जाकर उसकी पहचान पुलिस ने कर ली है.

मृतक युवक मैहर निवासी बताया जा रहा है, जिसे हत्या कर ठिकाने लगाने के इरादे से हाथ पांव बांधकर महानदी में फेंके जाने की आशंका है.पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए अब उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.

घटनाक्रम की जानकारी देते हुए विजयराघवगढ़ एसडीओपी वीरेंद्र धारवे ने बताया कि विगत 17 मार्च की सुबह बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महानदी पुल के पास स्थानीय लोगों ने एक युवक की लाश नदी में तैरती हुई देखी थी.प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका प्रतीत होने के कारण विशेषज्ञों से स्थल निरीक्षण कराते हुए जांच कराई गई.

हाथ में मौजूद टैटू ने खोला राज

मृतक के हाथ में एसके गुदा हुआ टैटू मिला था.जब टैटू के आधार पर कटनी सहित आसपास के सभी जिलों में गुमशुदा लोगों के विषय में जानकारी एकत्र की गई उस दौरान मृतक की जानकारी मैहर जिले के पुरानी बस्ती उत्तर दरवाजा निवासी 28 वर्षीय दुर्गेश प्रजापति पिता कैलाश प्रजापति के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दुर्गेश पिछले कुछ दिनों से लापता था.परिजनों ने उसकी गुमशुदगी भी थाने में दर्ज कराई थी.उसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान की.

हत्या कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश

शुरुआती जांच और घटनास्थल के हालातों को देखते हुए पुलिस का मानना है कि यह मामला सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या का है.अज्ञात हत्यारों ने युवक को मौत के घाट उतारने के बाद कानूनी कार्रवाई से बचने और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को नदी के गहरे पानी में फेंक दिया था.पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज करते हुए हत्यारों की तलाश प्रारंभ कर दी है.आशंका जताई जा रही है कि वारदात 4 मार्च से 17 मार्च के बीच अंजाम दी गई.

जिससे स्पष्ट है कि आरोपी को भागने का पर्याप्त समय मिल गया.पुलिस अब मृतक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और अंतिम बार देखे गए स्थानों के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है.साथ ही, मैहर पुलिस से भी संपर्क कर मृतक की पृष्ठभूमि और किसी पुरानी रंजिश के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस मामले में जल्द ही आरोपियों के पकड़े जाने की आशंका भी जताई जा रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close