Google Gemini में आया नया ‘एक्सटेंडेड थिंकिंग’ मोड, अब और सटीक जवाब देगा AI

गूगल ने अपने एआई चैटबोट जेमिनी के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है. कंपनी ने एंड्रॉयड, आईओएस और वेब प्लेटफॉर्म पर नए थिंकिंग लेवल्स को रोलआउट करना शुरू कर दिया है. इस अपडेट के तहत यूजर्स को “एक्सटेंडेड थिंकिंग” नाम का नया मोड मिलेगा, जो जवाब देने से पहले ज्यादा समय लेकर गहराई से सोच सकेगा. गूगल का दावा है कि इससे एआई द्वारा दिए जाने वाले जवाब पहले से ज्यादा बेहतर और सटीक होंगे. खास बात यह है कि यह फीचर भारत समेत कई देशों में फ्री और पेड दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है.
जेमिनी में जोड़े गए नए थिंकिंग लेवल
गूगल के जेमिनी और एआई स्टूडियो के वाइस प्रेसिडेंट जोश वुडवर्ड ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी ने जेमिनी ऐप के एंड्रॉयड, आईओएस और ब्राउजर वर्जन के लिए नए थिंकिंग लेवल्स का रोलआउट शुरू कर दिया है. यह सुविधा जेमिनी 3.1 फ्लैश-लाइट, जेमिनी 3.5 फ्लैश और जेमिनी 3.1 प्रो मॉडल में उपलब्ध कराई जा रही है. भारत में भी फ्री और पेड दोनों तरह के यूजर्स इस फीचर का इस्तेमाल कर सकते हैं. सामान्य तौर पर इन मॉडलों में दो थिंकिंग लेवल दिए गए हैं, जो यूजर्स की जरूरत के अनुसार जवाब तैयार करते हैं. गूगल का मानना है कि अलग-अलग थिंकिंग लेवल्स एआई को बेहतर तरीके से सवालों को समझने और अधिक उपयोगी उत्तर देने में मदद करेंगे.
एक्सटेंडेड थिंकिंग से मिलेगा ज्यादा बेहतर जवाब
नए अपडेट की सबसे बड़ी खासियत एक्सटेंडेड थिंकिंग मोड है. गूगल के अनुसार, यह मोड खास तौर पर जटिल समस्याओं और कठिन सवालों को हल करने के लिए तैयार किया गया है. सामान्य मोड जहां अधिकतर सवालों का तुरंत जवाब दे सकता है, वहीं एक्सटेंडेड थिंकिंग मोड अतिरिक्त समय लेकर गहराई से एनालिसिस करता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फीचर पहले की तुलना में ज्यादा विस्तृत और गुणवत्तापूर्ण जवाब देने में सक्षम हो सकता है. हालांकि बेहतर रिजल्ट की पूरी गारंटी नहीं है, लेकिन कंपनी का मानना है कि यह मोड यूजर्स को अधिक सटीक और उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराने में मदद करेगा. इससे रिसर्च, अध्ययन और प्रोफेशनल काम करने वाले यूजर्स को फायदा मिल सकता है.
डीप थिंक और जेमिनी 3.5 सीरीज पर भी नजर
गूगल द्वारा शेयर किए गए वीडियो में जेमिनी 3.1 प्रो मॉडल के लिए तीसरे थिंकिंग लेवल “डीप थिंक” को भी दिखाया गया है. कंपनी का दावा है कि यह फीचर अधिकतम पैरेलल रीजनिंग क्षमता देता है, जिससे एआई एक साथ कई स्तरों पर सोच सकता है और विश्लेषण कर सकता है. हालांकि फिलहाल यह सुविधा केवल गूगल एआई अल्ट्रा सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है. यह अपडेट ऐसे समय आया है जब हाल ही में गूगल ने अपने डेवलपर कॉन्फ्रेंस गूगल आई/ओ 2026 में जेमिनी ऐप के कई नए फीचर्स पेश किए थे. कंपनी ने जेमिनी 3.5 सीरीज को भी पेश किया है, जिसमें जेमिनी 3.5 फ्लैश फिलहाल उपलब्ध है, जबकि जेमिनी 3.5 प्रो को इसी महीने लॉन्च किए जाने की तैयारी है. नए मॉडल मौजूदा जेमिनी 3.1 प्रो की जगह लेंगे और एआई एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाएंगे.











