सुपौल में सड़कों पर मौत का तांडव, एक साथ चार युवक की खत्म हो गई जिंदगानी

सुपौल: जिले में गुरुवार को दो स्थानों पर हुई सड़क पर मौत का तांडव दिखा. दोनों जगहों पर हुई दुर्घटना में चार युवक असमय काल के गाल में समा गए. ये घटनाएं किशनपुर और छातापुर थाना क्षेत्र में हुई. किशनपुर थाना अंतर्गत एनएच 327 ए पर गुरुवार को राजपुर गांव के समीप दो मोटर साइकिल की आमने सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. दो गंभीर रूप से घायल हैं. मृतकों में से एक की पहचान नहीं हो पाई है.
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार एक बाइक पर राजपुर पंचायत के राजपुर गांव के वार्ड नंबर 01 निवासी रामचंद्र मंडल के 19 वर्षीय पुत्र विक्की कुमार, बैजनाथ साह के 18 वर्षीय पुत्र ब्रजेश कुमार व शिवचंद्र मंडल के 19 वर्षीय पुत्र मणिभूषण कुमार सवार थे. इसमें से विक्की कुमार और ब्रजेश कुमार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. मणिभूषण कुमार गंभीर रूप से घायल है. दूसरी मोटर साइकिल पर सवार अज्ञात दो व्यक्ति किशनपुर की तरफ जा रहे थे.
इस टक्कर में इस बाइक पर सवार एक व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है. घटना बाद भीड़ जुटने के कारण कुछ देर के लिए एनएच पर जाम की समस्या उत्पन्न हो गई. सूचना पर दल बल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. दोनों घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा. दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल से रेफर कर दिया गया है. दोनों की हालत नाजुक है.
घटना बाद मृतकों के घर कोहराम मचा हुआ है. मृतक विक्की अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. दूसरी ओर छातापुर थाना क्षेत्र में लालजी चौक और सुखाय चौक के बीच हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक राजा कुमार (18) भीमपुर थानाक्षेत्र के बेलागंज निवासी लक्ष्मण मुखिया का पुत्र था. इसके अलावा भी जिले में कुछ दुर्घटनाएं हुई जिसमें लोग घायल हुए.