बेटे ने की माता-पिता और छोटे भाई की बेरहमी से हत्या, बाद में पूरी रात लाश के पास ही बैठा रहा

कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सावंगा में मानसिक रूप से बीमार 25 वर्षीय बेटे दीपक धुर्वे ने बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात अपने घर में माता पिता के साथ छोटे भाई की लाठी और लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी। घर में मौजूद पांच वर्षीय आरोपित के भांजे को भी मारने का प्रयास किया। आरोपित तीनों की हत्या करने के बाद मौके पर ही बैठा रहा।
दोपहर तक नहीं खुला घर का दरवाजा
गुरुवार दोपहर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोस के लोगों को संदेह हुआ और खिड़की से झांककर देखा तो आरोपित दीपक बैठा हुआ नजर आया और पास में माता-पिता की लाश दिखाई दी। ग्रामीणों ने तत्काल ही पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दीपक को घर से बाहर निकालकर भीतर जाकर देखा तो आरोपित के 55 वर्षीय पिता राजू उर्फ हंसू धुर्वे, मां कमलती धुर्वे उम्र 45 वर्ष और छोटे भाई दिलीप धुर्वे उम्र 23 वर्ष की लाश पड़ी हुई थी।
कमरे में बिखरा पड़ा था सामान
तीनों के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। कमरे में सामान बिखरा हुआ था और मौके पर बचाव के लिए संघर्ष भी हुआ है इसके प्रमाण भी पाए गए। फर्श और दीवारों पर खून के छींटे मिले हैं। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है।
थाना प्रभारी डहेरिया ने बताया कि ग्रामीणों से जानकारी मिली है कि आरोपित का मानसिक संतुलन पिछले चार-पांच साल से खराब हो गया था। उसका नागपुर के अस्पताल में इलाज भी चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपित पढ़ने में बेहद होशियार है और उसने सीआरपीएफ में भर्ती होने के लिए परीक्षा भी दी है। मौके पर फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है।











