बिहार: सुपौल में पांच मौत से मचा हाहाकार, दहल उठा है पूरा इलाका…

सुपौल: जिले में रविवार की रात और सोमवार जिलेवासियों के लिए किसी काले दिन से कम नहीं रहे. बीते दो दिनों में लगातार पांच-पांच मौतें हुईं, जिससे पूरा इलाका दहल उठा.
परिजनों और रिश्तेदारों में कोहराम मचा हुआ है. हर मोहल्ला और गांव शोक में डूबा नजर आया. अस्पतालों में मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग इकट्ठा हुए. सुपौल में इन हादसों ने जिले में दुख और चिंताओं की लकीरें खींच दी हैं.

पहली घटना-
रविवार की आधी रात हुई जहां जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 01 में रविवार की देर रात हुई अगलगी की घटना में मां-बेटी की मौत जलकर हो गई. मृतका सहरसा जिला के बिहरा थाना के आरन विशनपुर निवासी पिंटू यादव की पत्नी 21 वर्षीया नीलम देवी एवं उसकी 04 वर्षीया पुत्री अंजली कुमारी थी. नगर परिषद सुपौल के वार्ड नंबर 01 में मृतका का मायका है. वह अपने पति के साथ दिल्ली में रहती थी, जहां से वह सुपौल अपनी बड़ी बहन से मिलने के रविवार को आई हुई थी.
दूसरी घटना-
छातापुर प्रखंड की जहां थाना क्षेत्र की लक्ष्मीपुर खूंटी पंचायत में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला प्रकाश में आया है. मृतका वार्ड संख्या 2 निवासी रामचंद्र मंडल की लगभग 18 वर्षीया पुत्री प्रीति कुमारी थी. जानकारी के अनुसार प्रीति का करीब पांच माह पूर्व उसी वार्ड के स्व. दिनेश मंडल के पुत्र नीतीश कुमार के साथ प्रेम विवाह हुआ था. रविवार को वह घर के समीप स्थित मंदिर में पूजा करती देखी गई थी. पूजा के बाद उसने सिर चकराने की शिकायत की तथा उल्टी होने की बात सामने आई. तबीयत बिगड़ने पर स्वजन द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, छातापुर ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया.

तीसरी घटना-
त्रिवेणीगंज प्रखंड की जहां थाना क्षेत्र के रहटा गांव में एक युवती की रविवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी है. मृतका बीए की छात्रा थी और अपने नाना के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी. वह अपनी चचेरी मौसी की सोमवार को होने वाली शादी से पूर्व आयोजित हल्दी-मेहंदी की रस्म में शामिल हुई थी. स्वजन के अनुसार रस्म के बाद वह चापाकल पर हाथ धोने गई, लेकिन हाथ धो कर नहीं लौटी. काफी खोजबीन के बाद देर रात घर के पीछे स्थित बगीचे में शीशम के पेड़ से दुपट्टे के सहारे उसका शव लटका हुआ मिला. मृतका मूल रूप से किशनपुर थाना क्षेत्र के सिंगिआवन पंचायत अंतर्गत मेहासिमर वार्ड संख्या 9 निवासी मनोज कुमार मंडल की पुत्री थी.

चौथी घटना-
प्रतापगंज थाना क्षेत्र की जहां थाना क्षेत्र के भवानीपुर दक्षिण पंचायत में सोमवार को पिता के साथ खेत पटाने गए युवक की करंट लगने से मौत हो गई. युवक की मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया. भवानीपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड नं . 14 निवासी कृष्णमोहन मंडल अपने छोटे बेटे लगभग 18 वर्षीय छोटू कुमार के साथ घर से पूरब खेत पटाने गया था. जहां वह खेत पटाने के लिए बिजली मोटर लगाकर छोटू को खेत पर छोड़कर गाय दूहने घर आ गए. जब कुछ देर के बाद कृष्ण मोहन वापस आए तो खेत में पड़ा छोटू को देखकर उसके होश उड़ गए. बेटे को खेत में पड़ा देख कृष्णमोहन हो-हल्ला करने लगे.

हल्ला सून आस पास खेत में काम कर रहे लोग जमा हुए तो छोटू की स्थिति देख समझ गए कि उसे करंट लगा है. लेकिन उस वक्त तक छोटू सांस ले रहा था. जमा लोगों ने आनन फानन में इलाज के लिए प्रतापगंंज अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया.











