धमतरी: मधुमक्खियों के हमले से दुलारी नगर में मची अफरा-तफरी, एक ICU में भर्ती; छात्र समेत 5 घायल

धमतरी: शहर के रुद्री रोड स्थित दुलारी नगर में गुरुवार को उस वक्त दहशत का माहौल बन गया, जब मधुमक्खियों के एक झुंड ने राहगीरों पर अचानक हमला कर दिया. इस हमले में स्कूली छात्र सहित कुल पांच लोग घायल हुए हैं. घायलों में से एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिसे जिला अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है.

अचानक हुआ हमला, संभलने का नहीं मिला मौका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे स्थित किसी पेड़ या भवन में मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था. सुबह अचानक मधुमक्खियां आक्रामक होकर राहगीरों पर टूट पड़ीं. हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि लोग अपनी बाइक और साइकिल छोड़कर जान बचाने के लिए आसपास की दुकानों और घरों में घुस गए. इसी दौरान गोकुलपुर स्कूल जा रहे छात्र विहान साहू को भी मधुमक्खियों ने अपना निशाना बनाया.

प्रशासनिक मुस्तैदी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर मोर्चा संभाला. सुरक्षा के लिहाज से दुलारी नगर मार्ग पर यातायात को धीमा कर दिया गया और राहगीरों को दूसरे रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी गई. स्थानीय निवासियों ने बताया कि हालांकि क्षेत्र में छत्ता पहले से मौजूद था, लेकिन इस तरह के जानलेवा हमले की आशंका किसी को नहीं थी. फिलहाल, प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और घायलों का उपचार जारी है.

close