पंचांग की भविष्यफल से सियासत में हुड़दंग, 2026 में छत्तीसगढ़ की सत्ता पर होगी बदलाव की बौछार!

रायपुर: इस बार होली के रंगों से पहले पंडित बाबूलाल चतुर्वेदी पंचांग 2026 की भविष्यफल ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में जबरदस्त हलचल पैदा कर दी है. पंचांग में साफ तौर पर संकेत दिए गए हैं कि वर्ष 2026 की शुरुआत और मध्य काल मंत्रियों के लिए चुनौतीपूर्ण रह सकता है. सरकार के भीतर समन्वय की परीक्षा, जिम्मेदारियों में बदलाव और बड़े राजनीतिक फैसलों के योग बताए गए हैं. इन संकेतों ने सियासी गलियारों में चर्चाओं की आग को और भड़का दिया है.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार के लिए यह साल संतुलन साधने का माना जा रहा है. मंत्रिमंडल में फेरबदल या विभागों में बदलाव की संभावना को लेकर चर्चाएं तेज हैं. सत्ता पक्ष के भीतर अनुभव और संगठनात्मक क्षमता को ध्यान में रखते हुए अजय चंद्राकर, अमर अग्रवाल, राजेश मूणत और लता उसेंडी जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम संभावित भूमिकाओं को लेकर चर्चा में हैं. हालांकि इस पर अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व ही करेगा.

पंचांग में यह भी संकेत है कि केंद्र सरकार का सहयोग प्रदेश को मिलता रहेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई योजनाएं शुरू हो सकती हैं और खनिज क्षेत्र से आय में वृद्धि के योग हैं. इससे सरकार विकास के एजेंडे को मजबूती से आगे बढ़ा सकती है.

वहीं विपक्ष भी इस साल आक्रामक रुख अपना सकता है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ चरणदास महंत, देवेंद्र यादव और उमेश पटेल जैसे नेता सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति में सक्रिय रह सकते हैं. पंचांग के चुनौतीपूर्ण संकेत विपक्ष के लिए राजनीतिक अवसर के रूप में भी देखे जा रहे हैं.

कुल मिलाकर 2026 की होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि राजनीतिक घटनाक्रमों से भरा साल साबित हो सकता है. अब नजर इस बात पर रहेगी कि पंचांग की भविष्यफल कितनी सटीक बैठती है और प्रदेश की सियासत किस रंग में रंगती है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com