राजस्थान: जेई के निलंबन पर कुचामन में बिजली कर्मियों का कार्य बहिष्कार और धरना, बहाली के साथ की ये मांग…

डीडवाना-कुचामन: कुचामन सिटी के राणासर स्थित एक होटल में खाना देर से मिलने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद निलंबित किए गए एवीवीएनएल के कनिष्ठ अभियंता बलबीर सिंह भदाला के समर्थन में अब विद्युत विभाग के कर्मचारी और अधिकारी खुलकर सामने आ गए हैं. मामले में न्याय की मांग को लेकर कुचामन में एवीवीएनएल से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए धरना शुरू कर दिया है.

विद्युत विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी कनिष्ठ अभियंता बलबीर सिंह भदाला के समर्थन में उतर आए. इस दौरान कर्मचारियों और ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता नेमीचंद को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और निलंबन आदेश वापस लेने की मांग की. इसके बाद एवीवीएनएल से जुड़े क्षेत्र के कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता, लाइनमैन, लेखाधिकारी, सहायक राजस्व अधिकारी सहित विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी रैली के रूप में विद्युत विभाग कार्यालय से कुचामन एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम विश्वामित्र मीणा को भी ज्ञापन सौंपा.

ज्ञापन में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि राणासर स्थित एक होटल में खाना खाने गए कनिष्ठ अभियंता बलबीर सिंह भदाला और उनके साथियों के साथ होटल संचालक रामनिवास सैनी व उसके स्टाफ द्वारा दुर्व्यवहार और धक्का-मुक्की की गई. कर्मचारियों का कहना है कि पूरे मामले में निगम प्रशासन पर दबाव बना और बिना पक्ष सुने ही कनिष्ठ अभियंता को निलंबित कर दिया गया.

कर्मचारियों ने ज्ञापन में यह भी कहा कि संबंधित कनिष्ठ अभियंता ने उपभोक्ता द्वारा लिए गए शटडाउन पर तुरंत कार्रवाई करते हुए बिजली सप्लाई बंद की थी, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो. उनका कहना है कि यदि सप्लाई बंद नहीं की जाती और कोई दुर्घटना हो जाती तो भी जिम्मेदारी उसी अधिकारी पर आती.

इस दौरान कर्मचारियों ने कुचामन क्षेत्र में हाइवे पर संचालित कई होटल और ढाबों पर भी गंभीर आरोप लगाए. ज्ञापन में कहा गया कि हाइवे के आसपास संचालित कई होटल और ढाबों में नशे और देह व्यापार जैसी गैरकानूनी गतिविधियां होने की शिकायतें मिलती रहती हैं. ऐसे में प्रशासन को सभी होटल-ढाबों की जांच कर अनैतिक और गैरकानूनी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगानी चाहिए.

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में कनिष्ठ अभियंता बलबीर सिंह भदाला का निलंबन तुरंत वापस लेकर उन्हें पुनः सहायक अभियंता (ग्रामीण) कुचामन सिटी में बहाल करना, होटल संचालक व स्टाफ के खिलाफ मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में कार्रवाई करना तथा पूरे प्रकरण की निगम स्तर पर निष्पक्ष जांच कराना शामिल है.

विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो श्रमिक यूनियन आंदोलन को उग्र रूप देगी. फिलहाल कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है और मामले में जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com