सूने घर में चोरों ने बोला धावा, लाखों के जेवर और बर्तन चोरी

छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के नागपुर गांव में एक सूने घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने बीती रात सुरेश कश्यप के घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और कांस के बर्तन पार कर दिए। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित सुरेश कश्यप की मां का निधन हो गया था, जिसके चलते पूरा परिवार अंतिम संस्कार के लिए मनेन्द्रगढ़ गया हुआ था। परिवार के लोग वहीं ठहर गए थे। सुबह जब वे वापस नागपुर स्थित अपने घर लौटे, तो देखा कि घर का मुख्य ताला टूटा हुआ था और कमरों के दरवाजे खुले पड़े थे। घर के भीतर सामान बिखरा हुआ था और अलमारी से जेवरात व नकदी गायब थी।
सुरेश कश्यप ने तुरंत नागपुर चौकी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस टीम पहुंची और घटनास्थल की जांच की। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया ताकि सुराग मिल सके। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नागपुर चौकी प्रभारी शेषनारायण सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी चोर को पकड़ नहीं पाई है। लोगों ने रात के समय गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।
पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही चोरों को पकड़ा जाएगा और चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी। वहीं, इस वारदात से आसपास के ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं।









