इस कार ने बनाए एक साथ 24 वर्ल्ड रिकॉर्ड, ये दुनिया की सबसे तेज इलेक्ट्रिक कार बनी

दुनिया की इलेक्ट्रिक कारों की रेस में क्रोएशिया की रीमैक (Rimac) कंपनी ने इतिहास रच दिया है। उनकी नई हाइपरकार रीमैक नेवेरा R (Rimac Nevera R) ने एक नहीं, दो नहीं, पूरे 24 नए वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिए हैं, वो भी सिर्फ तीन दिनों में ये नए वर्ल्ड रिकॉर्ड बने हैं। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
रफ्तार की रानी
इस हाइपर इलेक्ट्रिक कार ने जर्मनी के ऑटोमोटिव टेस्टिंग पेपेनबर्ग (Automotive Testing Papenburg) ट्रैक पर 5 से 8 जुलाई के बीच ये कारनामे कर दिखाए। यह कार न सिर्फ 0-100 किमी/घंटा की स्पीड में नई ऊंचाई पर पहुंची, बल्कि 0 से 400 और फिर वापस 0 किमी./घंटा तक जाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
ये हैं नेवेरा R के सबसे बड़े कमाल आंकड़े
प्रदर्शन आंकड़े की बात करें तो इस कार ने 0-100 किमी./घंटा की स्पीड मात्र 1.72 सेकेंड (दुनिया में सबसे तेज EV) में पकड़ ली थी। वहीं, 25.79 सेकेंड (Jesko Absolut से 2.04 सेकंड तेज़) में इसने 0-400-0 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ ली थी। इसकी टॉप स्पीड 431 किमी/घंटा (प्रोडक्शन EV में सबसे तेज) की है।
कुल पावर 2,017 हॉर्सपावर
इस कार में 120kWh का बैटरी पैक देखने को मिलता है। इसकी कुल पावर 2,017 हॉर्सपावर की है। ये कार 21.6 सेकेंड में 0-1000 मीटर की दूरी कवर कर सकती है। Rimac की पहले की नेवेरा (Nevera) ने 23 रिकॉर्ड बनाए थे, जिनमें से अब 22 Nevera R ने पीछे छोड़ दिए हैं।
Rimac के CEO Mate Rimac ने कहा कि जब हमने Nevera लॉन्च की थी, तो लगा था इससे आगे कुछ नहीं होगा, लेकिन Nevera R ने साबित कर दिया कि इनोवेशन की कोई सीमा नहीं होती। रिकॉर्ड तोड़ना हमारे डीएनए में है।
हाइपर EV की पावर का राज
Nevera R और ओरिजिनल Nevera दोनों में है। इसमें 120kWh की बैटरी है। लेकिन, Nevera R 103hp से ज्यादा की पावर जेनरेट करती है। इसकी कुल आउटपुट 2,017hp की है। यह आंकड़े कई पेट्रोल हाइपरकारों को भी टक्कर दे देते हैं।
अभी भी किसमें पिछड़ती है?
Nevera R की टॉप स्पीड 431 किमी/घंटा है, जो Aspark Owl SP600 (439 किमी/घंटा) से थोड़ी कम है। और पेट्रोल कारों में Bugatti Chiron Super Sport अब भी 490 किमी/घंटा के साथ सबसे तेज है।
Rimac Nevera R ने यह साबित कर दिया है कि भविष्य इलेक्ट्रिक परफॉर्मेंस का है। अब यह सिर्फ रेंज और ईको-फ्रेंडली बात नहीं रही, अब EVs हाइपरकार्स को भी पछाड़ रही है। अगर आपको भी रफ्तार, टेक्नोलॉजी और भविष्य की कारों में दिलचस्पी है, तो Nevera R की यह कहानी किसी साइंस फिक्शन से कम नहीं है।






