छत्तीसगढ़ के दो जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी, 4 घंटे चला सर्च ऑपरेशन

छत्तीसगढ़ के बालोद और बेमेतरा जिला न्यायालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों न्यायालय परिसरों को खाली कराकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। करीब चार घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
बालोद जिला एवं सत्र न्यायालय के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश मिलने के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। जयस्तंभ चौक सहित आसपास के इलाके को सील कर दिया गया और सभी मजिस्ट्रेटों को सर्किट हाउस में सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया। अदालत परिसर से वकीलों और कर्मचारियों को भी बाहर निकाल दिया गया।
इसके बाद बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और पुलिस की टीमों ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। लंबे समय तक चली जांच के बावजूद किसी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। शाम तक स्थिति सामान्य हो गई।
इसी तरह बेमेतरा जिला न्यायालय को भी इसी प्रकार का धमकी भरा ईमेल मिला था। वहां भी सुरक्षा के मद्देनजर अदालत परिसर खाली कराया गया और तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरा ईमेल सौरभ विश्वास नाम की आईडी से भेजा गया था। मेल में न्यायिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अदालत परिसर में साइनाइड सिलेंडर होने का दावा किया गया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बम निरोधक दस्ता, एफएसएल और डॉग स्क्वाड की मदद से पूरे परिसर की जांच कराई गई। जांच में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिलने के बाद स्थिति को सामान्य घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है, ताकि धमकी भेजने वाले आरोपी का पता लगाया जा सके। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।