Cg news:थाने में घुसकर हंगामा करने पर शिक्षक सहित तीन गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

CG News।कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षक और उनके साथियों को थाने में घुसकर हंगामा करने और पुलिस अधिकारियों से बदसलूकी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों का जुलूस निकालकर कानून का उल्लंघन करने वालों को कड़ा संदेश दिया है।

यह घटना भोरमदेव थाना क्षेत्र की है। हाल ही में, हरमो प्रकरण में पुलिस आरक्षक राजीव वैष्णव को बर्खास्त कर दिया गया था।

इसी कार्रवाई के विरोध में शिक्षक दीपक चंद्रवंशी अपने कुछ साथियों के साथ भोरमदेव थाना पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों से न केवल तीखी बहस की, बल्कि थाने के भीतर हंगामा कर माहौल बिगाड़ने की भी कोशिश की।

पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की।

भोरमदेव थाना पुलिस ने उपद्रवियों को हिरासत में लिया और दीपक चंद्रवंशी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों का जुलूस निकाला, ताकि समाज में यह स्पष्ट संदेश जाए कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

इस घटना पर स्थानीय लोगों ने भी नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि एक शिक्षक, जो समाज में अनुशासन और नैतिकता का प्रतीक होता है, उसका इस तरह का आचरण बेहद निंदनीय है। इस घटना से शिक्षक समाज की छवि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि थाने में घुसकर उपद्रव करना एक गंभीर अपराध है।

पुलिस अधीक्षक ने भी कहा कि किसी भी परिस्थिति में अनुशासन भंग करने या अवैध दबाव बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

NewsDesk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com