फैक्ट्री के सामने तीन-चार युवकों ने की लूट, जेब से 4 हजार रुपये लेकर फरार

🔴पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में वारदात, प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज

भिलाईनगर, 18 सितंबर 2026। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में फैक्ट्री के सामने एक व्यक्ति से छीनाझपटी कर नकदी लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, सुप्रीम सिंथ स्पेशिलिटी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में इंचार्ज सरबजीत सिंह साहनी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वे सुप्रीम इंडस्ट्रीज से सुप्रीम सिंथ स्पेशिलिटी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में गाड़ियों का भत्ता देने जा रहे थे।

इसी दौरान विश्व गुरु इस्पात फैक्ट्री के सामने, ग्राम अकलोरडीह जाने वाले रास्ते पर तीन से चार लड़कों ने उनके साथ छीनाझपटी की। आरोप है कि युवकों ने उनकी जेब से 4 हजार रुपये निकाल लिए और जंगल की ओर भाग गए।

प्रार्थी के अनुसार, काम में व्यस्त होने के कारण उन्होंने घटना की रिपोर्ट तत्काल दर्ज नहीं कराई और 17 सितंबर को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

सरबजीत सिंह साहनी की रिपोर्ट पर पुरानी भिलाई पुलिस ने अपराध क्रमांक 0523/26 दर्ज करते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 304 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close