अटारी-वाघा सीमा पर रिट्रीट सेरेमनी का समय बदला, अब शाम 5 बजे से होगी परेड

पंजाब में भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित अटारी-वाघा बॉर्डर पर प्रतिदिन आयोजित होने वाली बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के समय में बदलाव किया गया है। नए कार्यक्रम के तहत 16 फरवरी 2026 से परेड शाम 5 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
अटारी बॉर्डर के प्रोटोकॉल अधिकारी अरुण माहल ने बताया कि रिट्रीट सेरेमनी का समय सूर्यास्त के अनुसार हर वर्ष बदला जाता है। इससे पहले यह परेड शाम साढ़े चार बजे से पांच बजे तक होती थी, लेकिन दिन के उजाले और मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए समय में संशोधन किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, ताकि समारोह को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके और दर्शकों को बेहतर अनुभव मिल सके। मौसम और रोशनी की उपलब्धता के अनुसार समय तय किया जाता है।
प्रशासन ने देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि वे समय से पहले बॉर्डर पर पहुंचें। अधिकारियों के अनुसार, दर्शकों को दोपहर करीब तीन बजे तक पहुंच जाना चाहिए, ताकि प्रवेश, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा जांच से जुड़ी औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि समय की पाबंदी से पर्यटक सीमा सुरक्षा बल और पाक रेंजर्स द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली भव्य रिट्रीट परेड का पूरा आनंद ले सकेंगे। साथ ही सभी आगंतुकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है, ताकि समारोह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।









