छत्तीसगढ़ में आज निकाय और पंचायत उपचुनाव के नतीजे, 222 पदों पर होगा फैसला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हाल ही में संपन्न हुए नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के परिणाम आज घोषित किए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुबह से शुरू होने वाली मतगणना के साथ ही 5 नगर पंचायत अध्यक्ष, 71 पार्षद, 10 जनपद पंचायत सदस्य, 34 सरपंच और 107 पंच पदों के लिए चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला सामने आने लगेगा।

13 मतगणना केंद्रों पर कड़ी निगरानी

निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश के 13 निर्धारित मतगणना केंद्रों में मतों की गणना की जाएगी। इसके लिए 395 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

नवगठित नगर पंचायतों के नतीजों पर विशेष नजर

नगरीय निकाय चुनाव में 5 अध्यक्ष और 71 पार्षद पदों के लिए मतदान हुआ था। इनमें राजनांदगांव जिले की घुमका, जांजगीर-चांपा जिले की बम्हनीडीह, सूरजपुर जिले की शिवानंदनपुर और बलौद जिले की पलारी नगर पंचायत के परिणामों पर विशेष नजर बनी हुई है। इन क्षेत्रों में पहली बार हुए चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया था।

पंचायतों में भी कई सीटों पर रोचक मुकाबला

पंचायत उपचुनाव के तहत 10 जनपद पंचायत सदस्य, 34 सरपंच और 107 पंच पदों के लिए मतदान कराया गया था। कई क्षेत्रों में मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। ग्रामीण विकास, स्थानीय नेतृत्व और जनहित के मुद्दों को लेकर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, जिसका परिणाम आज सामने आएगा।

मतदान में दिखा था रिकॉर्ड उत्साह

1 जून को हुए मतदान में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। नगरीय निकाय चुनाव में 31,928 मतदाताओं में से 27,006 लोगों ने मतदान किया, जिससे 84.58 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। वहीं पंचायत चुनाव में 1,02,797 मतदाताओं में से 79,968 मतदाताओं ने वोट डाले और 78.61 प्रतिशत मतदान हुआ।

मतदान के लिए नगरीय निकाय क्षेत्रों में 96 और पंचायत क्षेत्रों में 274 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com