सिर्फ 18 मैच में ही झटके 104 विकेट, अब टीम इंडिया में मिलेगी एंट्री! IPL के बाद खुलेंगे दरवाजे


आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद जब टीम इंडिया इंटरनेशनल क्रिकेट में लौटेगी तो उसकी शक्लो-सूरत एकदम बदली हुई नजर आ सकती है. आईपीएल के बाद टीम इंडिया की पहली सीरीज ही घर पर होगी, जहां उसका सामना अफगानिस्तान से होगा. इस दौरान भारत-अफगानिस्तान के बीच एक टेस्ट मैच भी खेला जाएगा और इस टेस्ट मैच में ही कुछ नए खिलाड़ियों को डेब्यू का मौका मिल सकता है, जिसमें एक ऐसे खिलाड़ी की भी एंट्री हो सकती है जिसने 18 मैच में ही 104 विकेट झटक लिए हैं.
भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से मोहाली में टेस्ट मैच खेला जाएगा. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया के ज्यादातर नियमित खिलाड़ियों को रेस्ट दिया जाएगा, जिसके चलते कुछ नए चेहरों को अपना जलवा दिखाने का मौका मिलेगा. इसमें दो ऐसे खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो लगातार रणजी सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं.
हालिया रणजी ट्रॉफी सीजन में जम्मू-कश्मीर को पहली बार चैंपियन बनाने में सबसे अहम भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज आकिब नबी का नाम इसमें शामिल है. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने इस रणजी सीजन में सबसे ज्यादा 60 विकेट हासिल किए थे और लगातार उन्हें टीम इंडिया में मौका दिए जाने की मांग हो रही थी.
आकिब की दावेदारी इसलिए भी मजबूत है क्योंकि वो लगातार 2 सीजन से दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने लगातार 2 रणजी ट्रॉफी सीजन में सिर्फ 18 मैच में ही 104 विकेट झटके हैं. ऐसे में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज जैसे सीनियर तेज गेंदबाजों को आराम देकर आकिब को मौका मिल सकता है.
सिर्फ आकिब ही नहीं, बल्कि पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिनर हर्ष दुबे को भी टीम में जगह मिल सकती है. बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर ने रणजी ट्रॉफी 2024-25 सीजन में सबसे ज्यादा 69 विकेट झटककर रिकॉर्ड बनाया था. ऐसे में रवींद्र जडेजा की जगह वो टीम में स्पिन ऑलराउंडर की भूमिका निभा सकते हैं.
इनके अलावा तीनों फॉर्मेट में शानदार बल्लेबाजी कर रहे युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल की फिर से टीम में वापसी हो सकती है. वो 2025 की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेले गए मैच के बाद से ही बाहर चल रहे हैं. इनके अलावा स्पिनर मानव सुथार और पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को भी इस सीरीज के लिए चुना जा सकता है.










