मेरठ में दर्दनाक हादसा: घर में भीषण आग, तीन बच्चों समेत 6 लोगों की मौत

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। किदवई नगर इलाके में एक घर में भीषण आग लगने से तीन बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, किदवई नगर में इकबाल अहमद का परिवार रहता है। सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे घर में अचानक आग लग गई। ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद कुछ लोग समय रहते बाहर निकल आए, लेकिन प्रथम तल पर मौजूद परिवार के सदस्य आग और धुएं में फंस गए।

दीवार तोड़कर बचाव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। फंसे लोगों को निकालने के लिए मकान के पीछे की दीवार तोड़ी गई और सीढ़ी के सहारे एक-एक कर सात लोगों को बाहर निकाला गया।

अस्पताल में बढ़ी मृतकों की संख्या

गंभीर रूप से झुलसे सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन बच्चों समेत पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाद में उपचार के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।

आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

close