इंदौर एयरपोर्ट जाते समय दर्दनाक हादसा, शिक्षक की मौत, पत्नी और बेटियां घायल

खरगोन जिले में महेश्वर-महू राऊ-खलघाट फोरलेन पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब परिवार इंदौर एयरपोर्ट जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, महेश्वर निवासी कृष्णपाल सिंह तोमर अपनी बेटी को जर्मनी के लिए रवाना करने इंदौर एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही पिकअप वाहन से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार के सामने अचानक गाय आ जाने से चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे वाहन दूसरी लेन में पहुंच गया और हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन में आग लग गई।
हादसे में कार चला रहे कृष्णपाल सिंह तोमर की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी मिथलेश और बेटियां शोभना व भावना तोमर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











