छत्तीसगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 2 सगे भाइयों समेत 3 युवकों की मौके पर मौत

सूरजपुर/बैकुंठपुर: दोपहर का वक्त… सड़क पर सामान्य आवाजाही… और फिर अचानक एक जोरदार धमाका. एमसीबी जिले के केल्हारी-जनकपुर मार्ग पर स्थित धनुहर नाले के पास मंगलवार को ऐसा दर्दनाक मंजर देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को ऐसी टक्कर मारी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में दो सगे भाई शामिल हैं.

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत घाघरा निवासी अवधेश सिंह पाव, उनके भाई मोनू सिंह पाव और श्याम सिंह बाइक से कहीं जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद कुछ पल के लिए सड़क पर सन्नाटा छा गया. जब तक लोग संभलते, तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था.

बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद चालक बिना रुके वाहन लेकर फरार हो गया. राहगीरों ने तुरंत पुलिस और जनप्रतिनिधियों को सूचना दी. मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने देखा कि सड़क खून से लथपथ थी. सांसद प्रतिनिधि शमीम अहमद ने मानवता का परिचय देते हुए अपने निजी पिकअप वाहन से तीनों शवों को केल्हारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया. गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. दो सगे भाइयों की एक साथ मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है.

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर वाहन की पहचान की कोशिश की जा रही है.

close