निजी टिप्पणी पर तृषा का कड़ा रुख, राजनीतिक बयान को बताया अपमानजनक

तमिल सिनेमा की अभिनेत्री तृषा कृष्णन ने एक राजनीतिक टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विवाद तब शुरू हुआ जब तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने अभिनेता से नेता बने थलपति विजय पर निशाना साधते हुए तृषा का नाम लेते हुए निजी टिप्पणी कर दी। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
दरअसल, थलपति विजय ने अपनी राजनीतिक पार्टी को आगामी विधानसभा चुनावों में प्रमुख चुनौती के रूप में पेश करने का दावा किया था। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए नैनार नागेंद्रन ने विजय के अनुभव पर सवाल उठाए और टिप्पणी के दौरान तृषा का जिक्र किया, जिसे कई लोगों ने व्यक्तिगत और अनुचित बताया।
इस पर तृषा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अपमान को हमेशा रोका जाना चाहिए और रोका जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने अपने कानूनी सलाहकार के माध्यम से आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि उनका किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है और न ही राजनीति में आने की कोई योजना है।
बयान में कहा गया कि तृषा चाहती हैं कि उन्हें केवल उनके अभिनय और कला के आधार पर पहचाना जाए। किसी भी सार्वजनिक मंच से उनकी निजी जिंदगी पर टिप्पणी करना गलत है और इस तरह की बातों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तृषा और विजय ने कई सफल फिल्मों में साथ काम किया है और दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। इसी फिल्मी संबंध को लेकर की गई टिप्पणी ने विवाद को जन्म दिया।
विवाद बढ़ने के बावजूद नैनार नागेंद्रन ने अपने बयान पर माफी मांगने से इनकार कर दिया। वहीं, तृषा के समर्थन में फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर आवाज उठाई है और निजी टिप्पणियों की आलोचना की है।











