TV9 Exclusive: विराट कोहली की तरह 18 नंबर की जर्सी क्यों पहनते हैं साकिब हुसैन? खुल गया राज

TV9 Exclusive: विराट कोहली की तरह 18 नंबर की जर्सी क्यों पहनते हैं साकिब हुसैन? खुल गया राज

Sakib Hussain 18 Number Jersey: आईपीएल एक बार फिर छोटे शहरों के अनजान चेहरों को स्टार बनाने का काम कर रहा है. सनराइजर्स हैदराबाद के युवा तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने अपने पहले ही मैच में ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा क्रिकेट जगत उनकी तारीफों में जुट गया है. आईपीएल 2026 के 21वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ साकिब हुसैन ने शानदार गेंदबाजी का मुजाहिरा करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट झटके. अपने आईपीएल डेब्यू पर चार विकेट लेना किसी भी गेंदबाज के लिए सपने जैसा होता है. साकिब ने न सिर्फ मैच में SRH की जीत में अहम भूमिका निभाई, बल्कि अपनी घातक गेंदबाजी से सबका ध्यान भी अपनी ओर खींच लिया.

18 नंबर की जर्सी क्यों पहनते हैं साकिब हुसैन?

मैच के दौरान साकिब का जर्सी नंबर पर भी सुर्खियों में बना रहा. उन्होंने 18 नंबर की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरते हुए कई लोगों को विराट कोहली की याद दिला दी. लेकिन साकिब के 18 नंबर के पीछे की कहानी विराट कोहली से बिल्कुल अलग और बेहद भावुक है. साकिब हुसैन के कोच सौरभ कुमार ने टीवी9 से खास बातचीत में इसकी पूरी कहानी बताई. उन्होंने बताया कि साकिब 18 नंबर इसलिए पहनते हैं क्योंकि उनकी (कोच सौरभ कुमार) जन्म की तारीख 18 है. यानी साकिब ने अपना जर्सी नंबर अपने कोच को डेडिकेट कर रखा है.

कोच सौरभ कुमार ने बताया, ‘साकिब हर छोटी-बड़ी बात मुझसे पूछकर करता है. जब वह कोलकाता नाइट राइडर्स में गया तो उसने मुझसे पूछा था कि सर, जर्सी नंबर क्या रखूं? मैंने कहा अपने जन्मदिन की तारीख रख लो. उसने कहा नहीं सर, मैं आपके जन्मदिन की तारीख रखना चाहता हूं. लेकिन केकेआर में 18 नंबर की जर्सी अंगकृष रघुवंशी के पास थी. फिर साकिब ने 1+8=9 नंबर मांगा, जो मनीष पांडे के पास था. आखिरकार उसने 45 नंबर की जर्सी ली. लेकिन जब सनराइजर्स हैदराबाद में उसे 18 नंबर की जर्सी मिल गई तो उसने तुरंत फोन करके मुझे खुशखबरी दी.’

गुरु पूर्णिमा पर दिया खास गिफ्ट

सौरभ कुमार ने यह भी बताया कि साकिब ने गुरु पूर्णिमा के मौके पर उनके लिए एक जर्सी गिफ्ट की थी, जो कोलकाता नाइट राइडर्स की थी. तब वह केकेआर की टीम का हिस्सा थे. वहीं, इस बार भी उन्होंने अपने कोच के लिए खास जर्सी बनवा रखी है.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com