रायगढ़ में व्यापारी से मारपीट कर 37 हजार की लूट, बाइक सवार दो आरोपी फरार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चाय-नाश्ता ठेला संचालित करने वाले एक व्यापारी से लूट की वारदात सामने आई है। दो अज्ञात बदमाशों ने रास्ता रोककर डंडे से मारपीट की और बैग में रखे 37 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए।
घटना कापू थाना क्षेत्र की है। पीड़ित इतेन्द्र गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह 19 मार्च को अपने छोटा हाथी वाहन से महुआ लेकर कापू से जमरगाबाजार जा रहा था। दोपहर करीब एक बजे मड़वाताल पहाड़ के नीचे मंदिर के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने पहले डंडे से हमला किया और उसका मोबाइल जमीन पर पटककर तोड़ दिया। इसके बाद बैग में रखे 37 हजार रुपए निकालकर फरार हो गए। घटना के बाद आरोपी धरमजयगढ़ की दिशा में भाग निकले।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी पल्सर या अपाचे जैसी बाइक पर सवार थे। एक युवक नीली जींस और चेक शर्ट पहने हुए था तथा हेलमेट लगाए हुए था। दूसरा युवक पीछे बैठा था, जिसने चेहरे पर सफेद गमछा बांध रखा था और हाथ में डंडा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।









