टाउनशिप में 15 मिनट में दो चेन स्नैचिंग:वारदात CCTV में कैद, मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को बनाया निशाना,तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश

टाउनशिप इलाके में बुधवार सुबह सिर्फ 15 मिनट के अंदर दो महिलाओं से चेन स्नैचिंग की वारदात हुई। दोनों घटनाएं सुबह 7:15 से 7:30 के बीच हुई। बाइक सवार दो बदमाश महिलाओं से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

आरोपियों ने महिला को स्वेटर में कीड़ा घुसने की बात कहकर झांसे में लिया।

मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला हुई शिकार पहली घटना सेक्टर-6 थाना क्षेत्र की है। पीड़िता शशि श्रीवास्तव ने बताया कि वह बुधवार सुबह करीब 7:15 बजे रोज की तरह सेक्टर-10 की सड़क नंबर 23 पर टहल रही थीं। तभी तेज रफ्तार बाइक पर आए दो युवक उनके पास आकर रुके। बाइक के पीछे बैठे युवक ने अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों फरार हो गए।

वारदात इतनी जल्दी हुई कि शशि श्रीवास्तव न तो बदमाशों को पकड़ पाई और न ही बाइक का नंबर देख सकीं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचना शुरू कर दिया।

स्वेटर में कीड़ा जाने की बात कहकर दिया वारदात को अंजाम दूसरी घटना भट्टी थाना क्षेत्र में सुबह करीब 7:30 बजे हुई। पीड़िता अमृत बाई साहू ने बताया कि वह सड़क 12, एवेन्यू-सी की ओर पैदल जा रही थी। सेक्टर-1 स्कूल के पास पहुंचते ही बाइक पर आए दो युवक उनके पास रुके और कहा कि आपके स्वेटर के अंदर कोई कीड़ा है।

ध्यान भटकाने की इस चाल का फायदा उठाकर पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों आरोपी बाइक पर फरार हो गए। अमृत बाई के चिल्लाने पर लोग तो मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे।

चार में से तीन आरोपी पकड़ाए चेन स्नेचिंग की घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की खोजबीन शुरू की। इसमें अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी की तलाश की जा रही है। दोनों घटनाओं में बदमाशों ने एक ही तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। सुबह के समय टहलने या घर से निकलने वाली महिलाओं को निशाना बनाया है।

close