अजयगढ़ में जर्जर पुल से बाइक गिरने पर चाचा की मौत, भतीजा गंभीर घायल

पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र में गड़रपुर के क्षतिग्रस्त पुल से बाइक समेत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।

जानकारी के अनुसार खमरिया गांव निवासी 60 वर्षीय मिट्ठूलाल पाल अपने 25 वर्षीय भतीजे चंद्रभान पाल के साथ भैंस की दवा लेने बरियारपुर कुर्मियान जा रहे थे। रात के समय पुल पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण दृश्यता कम थी। बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान पुल क्षतिग्रस्त हो गया था और उसकी मरम्मत को लेकर ग्रामीण लंबे समय से मांग कर रहे थे।

हादसे के समय पुल पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगा था और न ही स्टॉपर की व्यवस्था थी। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को बाहर निकालकर अजयगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने मिट्ठूलाल पाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि चंद्रभान पाल का उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल की मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल पुल की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close