NEET पेपर लीक के विरोध में बवाल: सांसद निवास घेराव के दौरान झड़प, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

रायपुर। नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में हुए NSUI के विरोध प्रदर्शन पर सियासत गरमा गई है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसकी निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सांसद निवास घेराव के दौरान बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, NSUI कार्यकर्ता नीट पेपर लीक मामले को लेकर सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने निकले थे। पुलिस ने सांसद के बंगले से पहले ही बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। हंगामे के दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता भी फट गया।

वाटर कैनन के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़ने लगे, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। घटना में 12 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें बाद में मुचलके पर रिहा कर दिया गया। वहीं छह से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिनका इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। पुलिस का कहना है कि झड़प के दौरान कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

दीपक बैज ने सरकार पर साधा निशाना

घटना को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि NSUI ने छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दे को लेकर शांतिपूर्ण घेराव कार्यक्रम आयोजित किया था, लेकिन सरकार के इशारे पर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया।

बैज ने दावा किया कि पुलिस कार्रवाई में एक छात्र का सिर फट गया, कई कार्यकर्ताओं के हाथ फ्रैक्चर हुए हैं और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

‘क्या लोकतंत्र में आवाज उठाना भी अपराध है?’

दीपक बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या लोकतंत्र में छात्रों और युवाओं को अपनी आवाज उठाने का अधिकार नहीं है? क्या भाजपा सरकार में पेपर लीक जैसे मुद्दों के खिलाफ आंदोलन करना भी अपराध बन गया है? उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं के सवालों का जवाब देना चाहिए, न कि उनकी आवाज दबाने का प्रयास करना चाहिए।

उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में छात्रों और युवाओं के शांतिपूर्ण आंदोलनों पर इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com