उत्तर प्रदेश: होली से पहले बलिया के डीएम, एसपी, सीडीओ समेत 64,000 कर्मियों और पेंशनरों को मिली सौगात…

बलिया: यूपी के बलिया में रंगों के महापर्व होली के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत दी है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप, बलिया जिले में कार्यरत सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशनरों के बैंक खातों में होली से पहले ही वेतन और पेंशन की राशि भेज दी गई है.
बलिया के वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे ने बताया कि होली का त्यौहार सभी हर्षोल्लास और धूमधाम से मना सकें, इसी उद्देश्य से सरकार ने 28 फरवरी तक ही भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे. उन्होंने जानकारी दी कि जिले के लगभग 24,000 पेंशनभोगियों के खातों में 76 करोड़ रुपये की राशि भेजी जा चुकी है. इसके अलावा, करीब 40,000 सरकारी अधिकारी और कर्मचारी भी इस निर्णय से लाभान्वित हुए हैं. कुल मिलाकर, जिले के समस्त सरकारी अमले के खातों में लगभग 2 अरब यानी 200 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है.
वरिष्ठ कोषाधिकारी के अनुसार, वेतन पाने वालों में जिले के शीर्ष अधिकारियों से लेकर सफाईकर्मी और पुलिस के जवान तक शामिल हैं.
बलिया के डीएम, एसपी, सीडीओ और वन विभाग के अधिकारी (DFO) भी शामिल है. इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर व कर्मचारी और शिक्षा विभाग के शिक्षक शामिल है. पुलिस के जवान, पीआरडी जवान और सफाईकर्मी भी शामिल है.
वरिष्ठ कोषाधिकारी ने जिले और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा सरकार का निरंतर प्रयास है कि हर नागरिक प्रसन्नचित रहे. होली का यह त्यौहार आपसी प्रेम और सद्भाव का प्रतीक है. मैं सभी से अपील करता हूँ कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए, मिल-जुलकर खुशियों के साथ इस त्यौहार को मनाएँ.











