उत्तर प्रदेश: पुरानी रंजिश में कार से बाइक में टक्कर, पेट्रोल पंप पर युवक पर लाठी-डंडों से हमला; तीन के खिलाफ मुकदमा

सैफई/जसवंतनगर: जसवंतनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते कार सवार दबंगों ने एक युवक की बाइक में टक्कर मार दी और बाद में पेट्रोल पंप पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में युवक घायल हो गया. पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की कोशिश सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

बता दें ग्राम कुंजपुर, पोस्ट कैस्त, थाना वेदपुरा निवासी मोहित पुत्र दिनेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 मार्च 2026 को करीब 11 बजे वह जसवंतनगर बाजार से वेदपुरा की ओर जा रहा था. उसके साथ सिंकू पुत्र रामप्रकाश मोटरसाइकिल नंबर UP75S6850 पर सवार था. जब वे दोनों NH-2 पर बुजेश-भुवनेश पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तभी पीछे से एक फोरव्हीलर कार आती दिखाई दी.

पीड़ित के अनुसार कार सवार लोगों से उसकी पुरानी रंजिश चली आ रही है. आरोप है कि कार में बैठे लोगों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। डर के कारण उसने अपनी मोटरसाइकिल पेट्रोल पंप के साइड में खड़ी कर दी. इसी दौरान कार नंबर UP75CT7914 में सवार लोगों ने जान से मारने की नीयत से कार मोड़कर साइड में खड़ी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया और बाइक कार के नीचे फंस गई.

मोहित ने बताया कि टक्कर के बाद वह और उसका साथी जान बचाकर पेट्रोल पंप की ओर भागे और शोर मचाया। आरोप है कि तभी कार सवार सचिन पुत्र दयाशंकर, विकास पुत्र ओमकार और शिवेन्द्र पुत्र टिंकू उर्फ शिव निवासी ग्राम कुंजपुरा थाना वेदपुरा कार से उतरकर हाथों में लाठी-डंडे लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंच गए और उन पर हमला कर दिया.

हमलावरों ने मोहित के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं. पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.

पीड़ित के मुताबिक जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि आज तो पेट्रोल पंप में घुसकर जान बचा ली, लेकिन अगली बार जान से मार देंगे. इसके बाद आरोपी दूसरी स्विफ्ट कार में बैठकर मौके से फरार हो गए. मोहित ने आरोपियों को दबंग प्रवृत्ति का बताते हुए अपनी जान को खतरा बताया है.

थाना अध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की कोशिश समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com