उत्तर प्रदेश: अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान ओमनी वैन में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप

इटावा: जिले के भरथना कस्बे में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान एक ओमनी वैन में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. यह घटना मंगलवार रात सती मंदिर मोहल्ले में हुई, जहां घरेलू गैस सिलेंडर से वाहन में गैस भरी जा रही थी. गैस रिसाव होने के बाद अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में पूरी वैन आग की लपटों में घिर गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात के समय एक दुकान के बाहर खड़ी ओमनी वैन में घरेलू गैस सिलेंडर से गैस भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक गैस का रिसाव हुआ और चिंगारी लगते ही आग भड़क गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही क्षणों में वैन पूरी तरह उसकी चपेट में आ गई. आग लगते ही मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और आसपास के दुकानदार व स्थानीय लोग अपनी-अपनी दुकानों से बाहर निकल आए.

मंगलवार रात भी इसी तरह वैन में गैस भरी जा रही थी

स्थानीय लोगों का कहना है कि सती मंदिर मोहल्ले में लंबे समय से अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार चल रहा था. यहां घरेलू गैस सिलेंडरों से कारों और अन्य वाहनों में गैस भरी जाती थी, जो बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. मंगलवार रात भी इसी तरह वैन में गैस भरी जा रही थी, तभी यह हादसा हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ओमनी वैन का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो चुका था. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि आसपास के लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था.

पुलिस ने बरामद उपकरणों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है

घटना के बाद वैन चालक और अवैध गैस रिफिलिंग करने वाला व्यक्ति मौके से फरार हो गया. मौके से जले हुए इलेक्ट्रॉनिक तराजू और गैस रिफिलिंग मशीन बरामद हुई है, जिससे स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि वहां अवैध गैस रिफिलिंग का काम किया जा रहा था. पुलिस ने बरामद उपकरणों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com