उत्तर प्रदेश: पुलिस का ‘बड़ा धमाका’, बगिया में चल रहे हाईप्रोफाइल जुआ फड़ का पर्दाफाश, 12 गिरफ्तार

बलिया: यूपी के बलिया में पुलिस ने कैसिनो के तर्ज पर चल रहे जुआ के अड्डे का पर्दाफाश किया है. जनपद में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रसड़ा पुलिस को ये बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर छापेमारी करते हुए जुआ खेल रहे 12 अभियुक्तों को रंगे हाथ दबोचा है. इनके पास से भारी मात्रा में नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं.
घटना बुधवार (11 मार्च 2026) रात की है. प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त पर थे. इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम कोप स्थित उदय गोंड की बगिया में बड़े स्तर पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेला जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआरियों को भागने का मौका दिए बिना हिरासत में ले लिया. पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से नगदी ₹83,010, 10 एंड्रॉयड स्मार्टफोन, 05 मोटरसाइकिलें, 52 ताश के पत्ते बरामद किया है.
पकड़े गए जुआरियों में बलिया के साथ-साथ पड़ोसी जनपद गाजीपुर के भी शातिर अपराधी शामिल हैं. मुख्य अभियुक्तों में मोनू सिंह उर्फ प्रकाश सिंह (कुरेम), संजय सिंह (नवाबपुरा), जितेन्द्र चौहान (पकवाइनार), बब्बन राजभर (कोप) और राहुल सिंह (नगहर) शामिल हैं. इसके अलावा गाजीपुर के कासिमाबाद और भोवरकोल थाना क्षेत्रों के रहने वाले करीब 7 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई के बाद सभी अभियुक्तों के विरुद्ध थाना रसड़ा में धारा 13 (सार्वजनिक जुआ अधिनियम) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है.
सीओ रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता ने मामले की जानकारी देते हुए कहा अपराध और जुआ जैसे सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा. किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.











