उत्तर प्रदेश: दहेज और अश्लील वीडियो की धमकी, विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप; 9 पर मुकदमा दर्ज

बरेली: दहेज की वेदी पर एक और विवाहिता को बलि चढ़ाने का प्रयास और उसके आत्मसम्मान को ठेस पहुँचाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बरेली निवासी एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर न केवल मारपीट और अतिरिक्त दहेज की मांग का आरोप लगाया है, बल्कि पति पर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने और सेक्स रैकेट चलाने जैसे संगीन आरोप भी जड़े हैं. एसएसपी के निर्देश पर मीरगंज पुलिस ने आरोपी पति सहित आधा दर्जन से ज्यादा आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पीड़िता शैली सिंह के अनुसार, उसका विवाह 28 सितंबर 2021 को हिन्दू रीति-रिवाज से अंकित सिंह उर्फ सूरज सिंह निवासी मीरपुर, मुरादाबाद के साथ हुआ था। शादी में पीड़िता के पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार लगभग 15 लाख रुपये नकद और उपहार दिए थे. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास, ससुर और ननद ने दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और मायके से कार लाने का दबाव बनाने लगे। पुत्री के जन्म के बाद यह प्रताड़ना और बढ़ गई.

अवैध गतिविधियों और हमले का आरोप

शिकायती पत्र के अनुसार, महिला को पता चला कि उसका पति और ससुराल पक्ष के लोग कथित तौर पर अवैध कार्यों सेक्स रैकेट और साइबर फ्रॉडvमें संलिप्त हैं। जब उसने इसका विरोध किया, तो 24 अप्रैल 2023 को उसे जान से मारने की कोशिश की गई। बाद में मामला कोर्ट और मध्यस्थता केंद्र तक पहुँचा, जहाँ पति ने सुलह का नाटक कर उसे साथ रखने का वादा किया, लेकिन उसे घर न ले जाकर एक किराए के मकान में रखा.

चरित्र हनन और ब्लैकमेलिंग की साजिश

पीड़िता का आरोप है कि जनवरी 2026 में उसने अपने पति को ससुराल में किसी अन्य महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा. विरोध करने पर उसे बुरी तरह पीटा गया और घर से निकाल दिया गया। आरोप है कि पति ने पीड़िता का फोन हैक कर लिया और उसकी निजी वीडियो कॉल से तस्वीरें लेकर अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी दी.

पीड़ित ने बताया कि पति ने धमकी दी कि वह मेरा वीडियो एडिट करके अश्लील बना देगा और मुझे कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ेगा.

पुलिस से न्याय की गुहार

घटना की सूचना 5 फरवरी 2026 को पुलिस हेल्पलाइन 112 और स्थानीय चौकी पर दी गई. वर्तमान में पीड़िता अपनी 4 वर्षीय पुत्री के साथ मायके में रह रही है और असुरक्षित महसूस कर रही है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर मीरगंज पुलिस ने पति अंकित सिंह , ससुर राधेश्याम, सास सुधा देवी सहित नौ ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मीरगंज इंस्पेक्टर संजय तोमर ने बताया कि एसएसपी के निर्देश के आधार पर पति सहित नौ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है , मामले की जांच कर सख्त कार्यवाही की जाएगी.

close