Vaibhav Sooryavanshi: रिकॉर्ड बनाया, RCB को भी हराया, वैभव ने फिर जश्न मनाने से क्यों किया इनकार?

Vaibhav Sooryavanshi: रिकॉर्ड बनाया, RCB को भी हराया, वैभव ने फिर जश्न मनाने से क्यों किया इनकार?

वैभव सूर्यवंशी का जलवा जारी है. चेन्नई को चित किया. मुंबई को मजे चखाए. अब बेंगलुरु की भी बैंड बजा दी. राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के स्टार ओपनर वैभव ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ ऐसी पारी खेली, जिसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए. जसप्रीत बुमराह को पहले ही ओवर में छक्के जड़ने के बाद वैभव ने कुछ ऐसा ही हाल जॉश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे धुरंधर गेंदबाजों का भी किया और 78 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को जिताया. मगर इसके बाद भी वैभव ने जीत का और अपनी रिकॉर्ड पारी का ज्यादा जश्न मनाने से इनकार कर दिया, जिसकी वजह बहुत खास है.

गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में शुक्रवार 10 अप्रैल को खेले गए मैच में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 26 गेंदों में ही राजस्थान की जीत की कहानी लिख दी थी. बेंगलुरु से मिले 202 रन के लक्ष्य को राजस्थान ने 18 ओवर में ही हासिल कर लिया. टीम को जीत तक तो ध्रुव जुरेल की दमदार पारी ने पहुंचाया लेकिन इसकी बुनियाद तो वैभव ने ही रख दी थी, जब उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में 78 रन की हाहाकारी पारी खेली थी. इस पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे. यानि 74 रन सिर्फ बाउंड्री से आए.

वैभव ने अपनी पारी के दौरान सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 2 बार ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने. इस शानदार रिकॉर्ड और पारी के लिए वैभव को ही प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. मगर जैसे ही ये अवॉर्ड मिला, 15 साल के स्टार ने कहा कि वो ज्यादा जश्न नहीं मना पाएंगे और इसकी वजह खास थी. वैभव ने बताया कि वो देर तक इस पारी को सेलिब्रेट नहीं कर पाएंगे क्योंकि उन्हें सुबह जल्दी उठना है और इसके चलते ही उन्हें जल्दी सोना भी पड़ेगा.

वैभव का ये मासूमियत भरा बयान भी उनकी पारी की तरह ही हिट हो गया. हालांकि, वैभव रात करीब ढाई बजे तक तो उठे दिखे, जब वो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फोटो पोस्ट कर रहे थे. मगर फिर भी, IPL में टीमों के देर रात तक चलने वाले जश्न का इतिहास गवाह है कि ढाई बजे तो कुछ भी देरी नहीं है. वैसे भी ये मैच बारिश के कारण देरी से शुरू हुआ था और इसलिए देरी से खत्म भी हुआ. ऐसे में टीम भी अपने होटल में देरी से ही पहुंची होगी और इसलिए वैभव समेत सभी खिलाड़ी कुछ देर तक तो जश्न मना ही रहे होंगे.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com