IPL 2026 का सबसे कंजूस बॉलर, वैभव सूर्यवंशी को रखा खामोश, अब KKR के खिलाफ किया ये कमाल

IPL 2026 का सबसे कंजूस बॉलर, वैभव सूर्यवंशी को रखा खामोश, अब KKR के खिलाफ किया ये कमाल

पूरे एक सीजन तक चोट के कारण बाहर रहना और फिर वापस आकर ऐसी गेंदबाजी करना कि बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए लाले पड़ जाएं. आईपीएल 2026 में ऐसा ही कमाल एक तेज गेंदबाज कर रहा है, जिसने विस्फोटक बल्लेबाजों को चुप कर दिया है. वो भी पावरप्ले में. सिर्फ चुप ही नहीं किया बल्कि उन्हें आउट भी किया है और इसमें एक बल्लेबाज तो वैभव सूर्यवंशी थे. ये गेंदबाज हैं लखनऊ सुपर जायंट्स के मोहसिन खान, जिन्होंने इस सीजन में तीसरी बार पावरप्ले में मेडन ओवर डाला.

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में रविवार 26 अप्रैल को मेजबान सुपर जायंट्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से था. लखनऊ ने यहां पहले गेंदबाजी का फैसला किया और जो फैसला कप्तान ऋषभ पंत ने लिया, उसे उनके गेंदबाजों ने सही साबित कर दिया. खास तौर पर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान, जो चोट के कारण पिछले सीजन में बाहर रहे थे. मगर इस सीजन में उन्होंने जोरदार वापसी की है.

मोहसिन ने इस मैच में लखनऊ की ओर से दूसरा ओवर डाला और इसी ओवर में उन्होंने अपना कमाल दिखाया. उनके सामने अजिंक्य रहाणे और टिम साइफर्ट थे लेकिन दोनों में से कोई भी अपने बल्ले से इस ओवर में एक भी रन नहीं बटोर सका. ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने साइफर्ट को आउट कर दिया. इस ओवर से सिर्फ एक रन लेग-बाई का आया, जो गेंदबाज के खाते में नहीं जुड़ता. इस तरह ये विकेट मेडन ओवर साबित हुआ.

खास बात ये है कि लगातार दूसरा मैच है, जिसमें मोहसिन ने विकेट मेडन ओवर निकाला. इससे पहले उन्होंने ये कमाल किया था राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ, जहां उन्होंने विस्फोटक फॉर्म में चल रहे वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ ओवर की लगातार 5 गेंदों में कोई रन नहीं दिया और फिर छठी गेंद पर आउट भी कर दिया था. इसने सबको चौंका दिया था. वहीं सीजन के अपने पहले ही मैच में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी एक मेडन ओवर निकाला था.

कुल मिलाकर इस सीजन में मोहसिन ने 3 मेडन ओवर डाले हैं. उनका ये कमाल इसलिए खास है क्योंकि IPL 2026 में कुल 5 मेडन ओवर पड़े हैं और उनमें से 3 अकेले मोहसिन के नाम हैं. इसी गेंदबाजी के दम पर वो इस सीजन में सबसे कंजूस गेंदबाज साबित हुए हैं. मोहसिन ने अभी तक 4 मैच में 16 ओवर की गेंदबाजी की है, जिसमें सिर्फ 6.37 के इकॉनमी रेट से 102 रन ही खर्चे हैं. इसके साथ ही उन्होंने 9 विकेट भी हासिल किए हैं.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com