VIDEO: कैमरन ग्रीन ने जड़ा विस्फोटक छक्का, सीधे कार पर टकराई बॉल, अब कंपनी खर्च करेगी इतना पैसा

VIDEO: कैमरन ग्रीन ने जड़ा विस्फोटक छक्का, सीधे कार पर टकराई बॉल, अब कंपनी खर्च करेगी इतना पैसा

आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी कैमरन ग्रीन लगातार आलोचना का सामना करते रहे हैं. आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स में 25.2 करोड़ रुपये की मोटी बोली के साथ उतरे ग्रीन की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और वो हर मैच में बुरी तरह फेल हुए. मगर आखिरकार छठे मैच में जाकर उनका बल्ला चल ही गया. इस विस्फोटक ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने इस सीजन का पहला अर्धशतक जमाया और इस दौरान उन्होंने एक ऐसा छक्का जमाया, जो सीधे स्टेडियम में रखी कार पर जा गिरा.

आईपीएल 2026 की शुरुआती 5 पारियों में फेल रहे कोलकाता नाइट राइडर्स के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन पर लगातार सवाल उठ रहे थे. एक्सपर्ट्स से लेकर फैंस तक उनकी काबिलियत पर सवाल खड़े कर रहे थे. टीम की लगातार नाकामी के कारण भी ग्रीन पर खास निशाना साधा जा रहा था. मगर गुजरात टाइटंस के खिलाफ ग्रीन ने वो रुप दिखाया, जिस उम्मीद के साथ कोलकाता ने उन्हें खरीदा था.

गिल के छक्के से कार बनी निशाना

हालांकि ग्रीन की शुरुआत धीमी रही थी लेकिन एक बार उनके बल्ले से बाउंड्री निकलना शुरू हुई तो फिर उन्होंने गुजरात के हर गेंदबाज को निशाने पर लिया. मगर सबसे ज्यादा हिट हुआ उनका वो शॉट, जो सीधे कार पर जाकर लगा. ये हुआ 13वें ओवर में, जब अशोक शर्मा की तीसरी गेंद पर ग्रीन ने डीप स्क्वायर लेग की ओर शॉट जमा दिया. गेंद ने बाउंड्री को पार किया और सीधे पोडियम पर रखी स्पॉन्सर कार पर जाकर टकरा गई.

कंपनी इस काम में खर्च करेगी पैसा

गेंद इस कार के साइड मिरर के ठीक नीचे गिरी, जिसके चलते बड़ा नुकसान नहीं हुआ. हालांकि, वहां पर एक डेंट जरूर पड़ गया, जो साफ नजर आ रहा था और इसके वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर हिट हो गए. खास बात ये है कि ग्रीन के इस शॉट के कारण कई ऐसे बच्चों का फायदा हो गया, जो क्रिकेट तो खेलना चाहते हैं लेकिन इसका खर्चा नहीं उठा सकते. असल में स्पॉन्सर टाटा की ओर ने ये खास मुहिम चलाई है, जिसके तहत कार पर बॉल लगने पर कंपनी 5 लाख रुपये ऐसे बच्चों के लिए क्रिकेट किट खरीदने पर खर्च करेगी.

ऐसी रही कैमरन ग्रीन की पारी

जहां तक ग्रीन की बैटिंग की बात है तो उनके लिए ये पारी बेहतर साबित हुई. हालांकि एक वक्त पर वो 28 गेंदों में सिर्फ 27 रन बनाकर खेल रहे थे लेकिन इसके बाद उन्होंने गियर बदला. ग्रीन ने 34 गेंदों में इस सीजन का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया और पारी की आखिरी गेंद पर आउट होने तक 55 गेंदों में 79 रन बनाए. उनकी इस पारी में 7 चौके और 4 छक्के शामिल थे. उनकी इस पारी के दम पर ही कोलकाता किसी तरह 180 रन तक पहुंच पाई.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close