आधी रात को घेरकर पीटा, फिर गाड़ी से कुचला! विकास यादव की मौत ‘हादसा’ या ‘सोची-समझी हत्या’? एसएसपी ऑफिस में भारी हंगामा

बरेली :थाना कैंट क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है.मृतक के परिजनों ने इस घटना को सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए इसे सोची-समझी हत्या बताया है.न्याय की मांग को लेकर परिजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.
मृतक की पहचान विकास यादव के रूप में हुई है। विकास के पिता सीताराम का कहना है कि उनका बेटा 1 मार्च 2026 की रात करीब एक बजे घर से बाहर गया था.आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की.परिजनों का दावा है कि मारपीट के बाद उसे किसी वाहन से टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
परिजनों का यह भी आरोप है कि पिछले एक महीने के दौरान विकास को हादसे का रूप देकर मारने की तीन बार कोशिश की जा चुकी थी.इसके बावजूद पुलिस द्वारा मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे परिवार में आक्रोश है.
न्याय की मांग को लेकर मृतक के परिवार के साथ यादव समाज के कुछ प्रतिनिधि और सोशल मीडिया से जुड़े लोग भी एसएसपी कार्यालय पहुंचे.उन्होंने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले की गहन जांच कराने की मांग की.परिजनों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.











