वाड्रफनगर : 20 मिनट की ओलावृष्टि ने मचाई तबाही,किसानों के लिए आफत बनकर आई ओलावृष्टि

बलरामपुर : बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड में रविवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली.तेज आंधी-तूफान के साथ करीब 15 से 20 मिनट तक जमकर ओलावृष्टि हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
अचानक बदले मौसम के कारण सड़कों, मकानों की छतों और खेतों में ओलों की सफेद परत जम गई. कुछ देर के लिए इलाके में शिमला जैसी स्थिति निर्मित हो गई. तेज हवा के कारण कई जगह पेड़-पौधे झुक गए और फसलें प्रभावित हुईं.
ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी गेहूं, राई, सरसों तथा मौसमी सब्जियों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है.कई किसानों ने खेतों में पानी भरने की भी जानकारी दी है, जिससे रबी फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है.अचानक हुई इस बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ गई है.
स्थानीय किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही मौसम साफ नहीं हुआ तो फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है.इधर मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मौसम परिवर्तन की संभावना जताई है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है.