वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का WhatsApp हैक, ठगों ने परिचितों से मांगे 56 हजार रुपये

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। साइबर ठग उनके नाम और पहचान का दुरुपयोग कर परिचितों को मैसेज भेज रहे हैं और पैसों की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ठगों ने उनके कई करीबी लोगों को संदेश भेजकर आर्थिक मदद मांगी, जिसमें कुछ लोग ठगी का शिकार भी हो गए हैं।
परिचितों को भेजे गए पैसों की मांग वाले मैसेज
जानकारी के मुताबिक, साइबर अपराधियों ने डॉ. सलीम राज के व्हाट्सएप अकाउंट से उनके करीब 5 परिचितों को संदेश भेजा। मैसेज में लिखा गया कि उनका UPI काम नहीं कर रहा है और उन्हें तत्काल 56 हजार रुपये की जरूरत है। ठगों ने लोगों से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने की अपील की।
4 से 5 लोगों से ठगे गए पैसे
बताया जा रहा है कि ठगों द्वारा भेजे गए संदेशों पर भरोसा कर 4 से 5 लोगों ने पैसे ट्रांसफर भी कर दिए। इसके बाद मामला सामने आया और लोगों को पता चला कि डॉ. सलीम राज का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो चुका है।
लोगों से सावधान रहने की अपील
मामले की जानकारी मिलने के बाद डॉ. सलीम राज ने आम लोगों और अपने परिचितों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति से आर्थिक सहायता या पैसों की मांग नहीं की है। यदि उनके नाम से किसी को पैसे मांगने वाला संदेश प्राप्त होता है, तो उस पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार का भुगतान न करें।
थाने में दर्ज कराई शिकायत
डॉ. सलीम राज ने इस पूरे मामले की शिकायत संबंधित थाने में दर्ज करा दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि व्हाट्सएप अकाउंट हैक करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











