3 लाख के कर्ज पर 30 लाख की मांग! सूदखोरों से तंग वार्ड बॉय ने लगाई फांसी, आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बरेली के जिला अस्पताल में तैनात वार्ड बॉय की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी सूदखोर सुधीर कुमार को कानपुर से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक ने अपनी मौत से पहले लिखे सुसाइड नोट में आरोपी पर मानसिक दबाव, लगातार प्रताड़ना और भारी रकम की मांग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. इसी मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था और वह घटना के बाद से फरार चल रहा था.
15 मई को जिला अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया था, जब वार्ड बॉय प्रदीप कुमार ने ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मौके से मिले सुसाइड नोट ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया.
सुसाइड नोट में लिखी थी मानसिक प्रताड़ना की बात
पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में प्रदीप कुमार ने लिखा था कि करीब दस साल पहले उन्होंने तीन लाख रुपये उधार लिए थे. आरोप है कि समय के साथ रकम बढ़ाकर उनसे करीब 30 लाख रुपये की मांग की जाने लगी. नोट में यह भी लिखा गया कि लगातार दबाव और मानसिक तनाव की वजह से वह परेशान थे और इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया.
घटना के बाद मृतक की बेटी मानसी शर्मा ने कोतवाली थाने में तहरीर दी. शिकायत में आरोपी सुधीर कुमार उर्फ चूचू पर आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए. इसके आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
गिरफ्तारी से बचने के लिए बदलता रहा ठिकाना
मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी शहर छोड़कर फरार हो गया था. पुलिस की कई टीमों ने उसकी तलाश शुरू की. जांच के दौरान उसकी लोकेशन कानपुर में मिली. पुलिस को जानकारी मिली कि वह कानपुर रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में छिपकर रह रहा है.
कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया. बताया गया कि आरोपी के खिलाफ पहले से गैर जमानती वारंट भी जारी था. गिरफ्तारी के बाद उसे बरेली लाकर कोर्ट में पेश किया जाएंगा. फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि लेन-देन और कथित वसूली से जुड़े अन्य तथ्य क्या हैं.











