छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार आज से प्रदेशभर में वर्षा संबंधी गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

कई जिलों के लिए जारी हुई चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।भारतीय मौसम विभाग की जिला स्तरीय नाउकास्ट चेतावनी के तहत सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है।

बीते 24 घंटे में यहां बरसे बादल

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर बारिश दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में रिकॉर्ड की गई। वहीं कोरबा और पेंड्रा रोड में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा पथरिया, मैनपाट, भैसमा, कांसाबेल, कटघोरा, पेंड्रा और सूरजपुर में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।राजनांदगांव रहा सबसे गर्म

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रायपुर में बारिश और अंधड़ के आसार

राजधानी रायपुर में गुरुवार को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने शहर में बारिश, गरज-चमक और अंधड़ चलने के संकेत दिए हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

किसानों और आम लोगों के लिए एडवाइजरी

मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार खुले में रखी कटी हुई फसलों को बारिश से नुकसान पहुंच सकता है। लोगों से बारिश और आंधी के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और वाहन सावधानीपूर्वक चलाने की अपील की गई है। साथ ही किसानों को वर्षा के दौरान उर्वरक एवं कीटनाशकों के उपयोग से बचने की सलाह दी गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com